मेटावाड़ा में नेशनल हाईवे की जमीन पर जीओ का पेट्रोल पंप!
–अर्जुन झा-
जगदलपुर। जगदलपुर से रायपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच- 30 पर आसना से महज 2 किलोमीटर आगे ग्राम मेटावाड़ा के समीप जीओ कंपनी का पेट्रोल पंप महावीर फ्यूल्स खोले जाने की तैयारी चल रही है। लेकिन पेट्रोल पंप शुरू होने से पहले ही इसकी जमीन, निर्माण कार्य, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और विभागीय अनुमतियों को लेकर कई गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर सामने आई शिकायतों और मौके पर दिखाई दे रही स्थिति के अनुसार महावीर फ्यूल्स पेट्रोल पंप के निर्माण में निर्धारित भूमि से आगे बढ़कर पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग की सरकारी जमीन को परिसर में शामिल किए जाने का आरोप है। वहीं वर्तमान एनएच-30 की सड़क किनारे बनी सरकारी साइड पटरी और नाली भी पेट्रोल पंप परिसर के निर्माण से प्रभावित दिखाई दे रही है। सवाल यह है कि आखिर राष्ट्रीय राजमार्ग की सरकारी भूमि पर इस प्रकार निर्माण किस आधार पर किया जा रहा है? जब राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण होता है तो सड़क के किनारे निर्धारित स्थान साइड पटरी और नाली के लिए छोड़ा जाता है, ताकि वाहनों की आवाजाही और जल निकासी प्रभावित न हो। लेकिन मेटावाड़ा स्थित पेट्रोल पंप की बाउंड्री को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। यदि पुराने एनएच की सरकारी जमीन और वर्तमान एनएच- 30 की साइड पटरी पर अतिक्रमण हुआ है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? पेट्रोल पंप खोलने से पहले एक्सेस परमिशन लेना जरूरी, फिर जमीन का सीमांकन कहां है?राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से प्रवेश एवं निकास सहित निर्धारित अनुमतियां प्राप्त करना आवश्यक होता है।ऐसे में सवाल उठता है कि क्या महावीर फ्यूल्स के संचालक ने सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर ली हैं? क्या पुराने एनएच और वर्तमान एनएच-30 की सरकारी जमीन का विधिवत सीमांकन कराया गया है? क्या सड़क किनारे की नाली और साइड पटरी को सुरक्षित रखा गया है?
पेट्रोल पंप संचालक का पक्ष
जब महावीर फ्यूल्स जीओ कंपनी के पेट्रोल पंप संचालक से इस संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उनके एक कर्मचारी ने बताया कि सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे कर एसडीओ राष्ट्रीय राजमार्ग, जगदलपुर को सौंप दिए गए हैं। विभाग को जानकारी देने के बाद ही कार्य किया जा रहा है।हालांकि, संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां अभी हमें उपलब्ध नहीं हुई है।
एसडीओ का बड़ा बयान
इस मामले को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग की एसडीओ इंजीनियर प्रज्ञा नंद से मुलाकात कर जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप संचालक द्वारा स्टांप पेपर पर कुछ शर्तों के साथ नक्शा, सीमांकन एवं निरीक्षण रिपोर्ट विभाग को प्रस्तुत की गई है।फिलहाल कुछ शुरुआती स्वीकृतियां ही उपलब्ध हैं तथा पेट्रोल पंप खोलने के लिए संपूर्ण एनओसी अभी जारी नहीं की गई है। अतिक्रमण के संबंध में पूछे जाने पर अधिकारी ने बताया कि उनके द्वारा विभागीय इंजीनियरों एवं अन्य अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया जाएगा। अब सबसे बड़ा सवाल यह कि जब संपूर्ण एनओसी जारी नहीं हुई तो निर्माण और सरकारी जमीन की जांच कब होगी? एक तरफ पेट्रोल पंप कर्मचारी सभी दस्तावेज विभाग को सौंपने की बात कह रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारी स्पष्ट कर रही हैं कि पेट्रोल पंप खोलने की संपूर्ण एनओसी अभी जारी नहीं हुई है। ऐसे में विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग की सरकारी भूमि का सीमांकन कब कराया गया? क्या पेट्रोल पंप की बाउंड्री सरकारी जमीन की निर्धारित सीमा के भीतर है? एनएच-30 की सरकारी साइड पटरी और नाली किस स्थिति में हैं? क्या पेट्रोल पंप को प्रवेश एवं निकास की अंतिम अनुमति मिल चुकी है?यदि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे हटाने की कार्रवाई कौन करेगा? संपूर्ण एनओसी जारी होने से पहले पेट्रोल पंप शुरू करने की अनुमति दी जाएगी या नहीं?
ग्रामीणों की चिंता
ग्रामीणों को इस बात की चिंता है कि कहीं किसी बड़े हादसे का कारण न बन जाए यह निर्माण?
एनएच-30 पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क किनारे की सरकारी जमीन, नाली और साइड पटरी प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि पेट्रोल पंप की बाउंड्री सड़क के काफी नजदीक तक बनाई गई है, जिससे भविष्य में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है यदि समय रहते जांच और सुधार नहीं किया गया तथा भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है, तो इसकी जवाबदेही कौन लेगा?
पेट्रोल पंप संचालक या संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग?
लोगों की मांग है कि पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग और वर्तमान एनएच-30 की सरकारी भूमि का राजस्व विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की संयुक्त टीम से तत्काल सीमांकन कराया जाए। यदि जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। साथ ही सड़क की नाली और साइड पटरी को भी सुरक्षित किया जाए। सरकारी जमीन जनता की संपत्ति है, किसी निजी व्यावसायिक प्रतिष्ठान की निजी जागीर नहीं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमों का पालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। अब देखना यह है कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग कब स्थल निरीक्षण करता है, सरकारी जमीन का सीमांकन कब होता है और शिकायत सही पाए जाने पर क्या कार्रवाई की जाती है। हम इस मामले में विभागीय अधिकारियों से लगातार जानकारी लेते रहेंगे और जांच में सामने आने वाले तथ्यों को जनता के सामने रखेंगे।
