मिश्रित खेती की ओर बढ़ा किसानों का रुझान
जगदलपुर। ग्राम पंचायत बोदरा में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और आगामी रबी सीजन की खेती की कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से किसानों की महत्वपूर्ण पीजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीएसएम के आजीविका प्रशिक्षक सुनील ठाकुर एवं प्रेमसागर ने किसानों और मत्स्य पालकों को उन्नत कृषि तकनीकों तथा मत्स्य पालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
बैठक में मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए मत्स्य पालकों को समय पर उच्च गुणवत्ता वाले मछली बीज और दाना उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। साथ ही गांव में ही मछली बीज उत्पादन शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। किसानों ने मनरेगा के तहत नई डबरी निर्माण, डबरी के पानी की पीएच जांच एवं नियमित रख-रखाव, मत्स्य पालन में होने वाले नुकसान का मुआवजा तथा मछली पालन के लिए किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की मांग रखी। वहीं आगामी रबी सीजन को लेकर किसानों ने मक्का, रागी, तिल, सूरजमुखी, सरसों, उड़द और चना जैसी फसलों की खेती करने की योजना बनाई। बैठक में मिश्रित खेती को आय का बेहतर माध्यम बनाने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान बताया गया कि बोदरा के किसानों ने मिश्रित फसल उत्पादन की दिशा में पहल शुरू कर दी है। गांव के किसान मनीराम और हरेंद्र अपने खेतों में मटर, बैंगन, गोभी, मिर्च, मूली, धनिया, लाल भाजी और टमाटर सहित विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती कर रहे हैं। यह पहल गांव के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक बन रही है।बैठक में बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत बोदरा के स्थानीय किसान एवं मत्स्य पालक उपस्थित रहे।
