बीईओ दफ्तर को वसूली का अड्डा बनाने वाले बाबू पर कार्रवाई करेंगे जेडी
बकावंड। विकासखंड शिक्षा कार्यालय में कार्यरत बाबू पर अब संयुक्त संचालक शिक्षा एचआर सोम ने कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। मूलतः शिक्षक इस बाबू ने अपनी ही बिरादरी के शिक्षकों से लूट मचा रखी है। ये बाबू साहब अटैचमेंट के तहत बकावंड के विकासखंड शिक्षा कार्यालय में बाबूगिरी का दायित्व सम्हाल रहे हैं।इन्होंने खंड शिक्षा कार्यालय को वसूली का अड्डा बना लिया है। उनकी हरकतों से सारे शिक्षक हलाकान हो चले हैं। अब उनके खिलाफ शिक्षक लामबंद हो गए हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक अपने रोजमर्रा के कार्य और एनओसी जैसे मामले में बार बार बाबू द्वारा कमीशन मांगने से हलाकान हो उठे हैं। उनका कहना है कि बीईओ ऑफिस में बैठे एक बाबू जिन्हे जोशी बाबू के नाम से जाना जाता है, उनके द्वारा आदिवासी बाहुल्य विकासखंड कार्यरत शिक्षकों को आर्थिक रूप से बहुत ज्यादा परेशान किया जा रहा है। इस संबंध में जब जोशी बाबू का पक्ष जानने उनसे संपर्क किया गया तो, उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। परेशान शिक्षकों ने स्थानीय एसडीएम से मामले पर शिकायत करने के लिए एक बैठक भी की है। अब जल्द ही यह मामला एसडीएम तक पहुंचने वाला है। वहीं मामला अब संयुक्त संचालक शिक्षा तक भी पहुंच चुका है। संयुक्त संचालक ने तत्काल एक्शन लेने का मन बना लिया है।
करेंगे कार्रवाई
बाबू की हरकत के बारे में अख़बार से जानकारी मिली है। मामले की विस्तृत जानकारी लेकर बाबू के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-एचआर सोम,
संयुक्त संचालक (शिक्षा), बस्तर संभाग
