एनएमडीसी के जीएम के खिलाफ वन अपराध दर्ज



जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला की पहाड़ी पर हुए भूस्खलन मामले में वन विभाग ने जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की है। किरंदुल एनएमडीसी के महाप्रबंधक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
वन वृत्त बस्तर के वन सरंक्षक स्टायलो मंडावी ने बताया कि वेस्ट मटेरियल भूस्खलन से 27 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र का नुकसान होना पाया गया है। बैलाडीला की पहाड़ियों से एनएमडीसी का आयरन वेस्ट बहकर जंगलों में फैलने के मामले में वन विभाग ने घेराबंदी तेज कर दी है। डिपॉजिट-14 में हुए ताजा घटनाक्रम को लेकर वन विभाग ने सीधे एनएमडीसी के महाप्रबंधक के खिलाफ वन अपराध का प्रकरण (पीओआर) दर्ज किया है। इसके साथ ही दो साल पुराने मामले में वन संपदा को हुए नुकसान की भरपाई के लिए 10 करोड़ रुपए की वसूली का शिकंजा भी कसा जा रहा है। शुरुआती आंकलन के आधार पर इस मामले में एनएमडीसी पर 6 से 7 करोड़ रुपए तक का जुर्माना लगाए जाने की संभावना जताई जा रही है। दरअसल डिपॉजिट-14 में पुराने आयरन वेस्ट डंप से मलबा बहकर आसपास के जंगलों और प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रभावित कर रहा है। शुरुआती तौर पर करीब 500 मीटर तक फैला मलबा अब लगभग 3 किलोमीटर तक पहुंच चुका है। कई स्थानों पर यह करीब 150 मीटर चौड़ाई में फैला है। इसकी चपेट में आरक्षित वन क्षेत्र आया है। यहां छोटे पौधों से लेकर करीब 100 फीट ऊंचे पेड़ों तक को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वन विभाग ने जांच में पाया है कि 27 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र को नुकसान हुआ है। वन विभाग अब प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत आंकलन कर रहा है। आयरन वेस्ट को हटाना फिलहाल संभव नहीं माना जा रहा है। इसलिए आसपास के जंगलों में बचे पेड़ों और नजदीकी प्लॉट की वन संपदा के आधार पर नुकसान का आंकलन किया जाएगा। इसके साथ ही माइनिंग प्लान के अनुसार वेस्ट डंपिंग, सॉइल स्टॉप, और अन्य सुरक्षा इंतजामों की भी जांच होगी।

6 माह की जेल भी संभव
डिपॉजिट-14 के प्रकरण में शुरुआती आकलन के आधार पर 7 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना लगाए जाने की संभावना जताई जा रही है। अंतिम राशि जांच के दायरे में है। मामले में वन अधिनियम की धारा 26 (1) (च) के तहत कार्रवाई की गई है। इसमें आरक्षित वन में पेड़ों को काटने, गिराने, छांटने, जलाने, या नुकसान पहुंचाने पर छह महीने तक कारावास या जुर्माना, अथवा दोनों का प्रावधान है। साथ ही, वन को हुए नुकसान की भरपाई भी करनी पड़ सकती है। सन
2024 के मामले में लगाए गए 10 करोड़ रुपए के जुर्माने की राशि दो साल बीतने के बाद भी जमा नहीं हुई है। डीएफओ रंगनाथ रामकृष्ण वाय बकाया वसूली के लिए नोटिस जारी कर रहे हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि 2024 की
घटना के बाद एनएमडीसी ने मलबा रोकने और डंप को स्थिर रखने के लिए जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए थे या नहीं।

एनएमडीसी का पक्ष
एनएमडीसी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि वर्ष 2024 में डिपॉजिट-11सी में जो घटना हुई, वह भीषण बाढ़ के कारण हुई थी। लगभग तीन महीने पहले वन विभाग की ओर से इस संबंध में नोटिस मिला था। प्रबंधन का कहना है कि विभाग के साथ आगे की पत्राचार प्रक्रिया जारी है।एनएमडीसी इस मामले में पूरा सहयोग करने और इसे जल्द से जल्द तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के
लिए प्रतिबद्ध है। सॉइल स्टॉप, सुरक्षा इंतजामों की भी जांच हो रही है। 4 अगस्त 2024 को डिपॉजिट-11 सी की घटना में जहां करीब 3 हेक्टेयर जंगल को नुकसान पहुंचा था, वहीं डिपॉजिट-14 के इस नए मामले में 10 गुना ज्यादा नुकसान होने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *