किरंदुल-बचेली में जेन जी का बड़ा आंदोलन



जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में स्थित एनएमडीसी में की एल-1 और एल-2 भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर दंतेवाड़ा जिले की 14 पंचायतों सहित बीजापुर और सुकमा जिले के बेरोजगार युवाओं ने किरंदुल और बचेली में बड़ा प्रदर्शन शुरू कर दिया है। युवाओं ने दोनों जगह एनएमडीसी की परियोजनाओं का काम बंद कराने की तैयारी की है। आंदोलन में हजारों युवा शामिल हैं।
प्रदर्शन में शामिल होने जेन जी सुबह 8 बजे किरंदुल के फुटबॉल ग्राउंड और बचेली के फुटबॉल ग्राउंड पहुंचे। यहां से आगे की रणनीति के अनुसार आंदोलन में शामिल हुए। वहीं समर्थन देने के लिए कांग्रेसी नेता भी बीजापुर,
दंतेवाड़ा, सुकमा से पहुंचे।
सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। दंतेवाड़ा एसपी जितेंद्र कुमार खुटे ने बताया कि पुलिस ने आंदोलन को देखते हुए पूरी तैयारी की है। सैकड़ों जवानों की दोनों स्थानों पर तैनाती की गई है। प्रदर्शन के दौरान गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था की गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस ने एक दिन पहले इन दोनों शहरों में फ्लैग मार्च भी निकाला। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें। किसी भी तरह की उपद्रव की स्थित होती है तो एक्शन लिया जाएगा।

एनएमडीसी की तैयारी
दूसरी तरफ आंदोलन को देखते हुए एनएमडीसी प्रबंधन ने भी अपनी तैयारियां की हैं। परियोजना परिसर में राशन सामग्री के साथ पेट्रोल और डीजल का स्टॉक किया गया है, ताकि किसी भी व्यवधान की स्थिति में जरूरी काम प्रभावित न हों। वहीं, परियोजना परिसर में प्रवेश करने वाले रास्तों पर बड़े गेट लगाए गए हैं। इन गेटों को बंद कर बाहरी लोगों की आवाजाही
नियंत्रित की जाएगी।
आदिवासी समाज में मतभेद
आंदोलन को लेकर आदिवासी समाज के दो संगठनों के अलग-अलग रुख भी सामने आए हैं। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष राजाराम वट्टी ने 27 नवंबर को बचेली के पुलिस और एनएमडीसी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन के प्रति असहमति जताई है। संगठन का कहना है कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का मुद्दा महत्वपूर्ण है, लेकिन इसका समाधान बातचीत और संवाद से निकाला जाना चाहिए। ज्ञापन में आंदोलन के दौरान सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के कामकाज में बाधा, हिंसा और कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।

सर्व आदिवासी समाज का साथ
वहीं, सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सुरेश कर्मा ने आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं के रोजगार का मुद्दा गंभीर है और उनका संगठन युवाओं के साथ खड़ा है।
स्थानीय बेरोजगार युवा संगठन ने साफ किया है कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक एनएमडीसी भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख को लेकर ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *