कन्या छात्रावास भानपुरी बेसोली में अव्यवस्था
जगदलपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी द्वारा गठित जांच टीम ने कन्या छात्रावास भानपुरी (बेसोली) का औचक निरीक्षण कर वहां की बदहाल व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। निरीक्षण के दौरान टीम ने छात्राओं से सीधा संवाद किया, जिसमें छात्राओं ने छात्रावास में व्याप्त गंभीर अनियमितताओं को बेबाकी से सामने रखा।
छात्राओं ने ब्लॉक कांग्रेस की टीम को बताया कि उन्हें रहने, पौष्टिक भोजन, शुद्ध पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरसना पड़ रहा है। अव्यवस्थाओं और मनमानी से त्रस्त छात्राओं ने जांच टीम के समक्ष एक स्वर में छात्रावास अधीक्षिका सुलोचना दीवान को तत्काल पद से हटाने की मांग की। मामले को लेकर पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने शासन, प्रशासन और सत्ता पक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “बच्चे हमारे क्षेत्र का भविष्य हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि छात्राओं की शिकायतों और छात्रावास की बदहाली के बावजूद अधीक्षिका सुलोचना दीवान पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। चूंकि वे वर्तमान जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान की धर्मपत्नी हैं और क्षेत्रीय विधायक की बेहद करीबी हैं, इसलिए राजनीतिक दबाव के चलते प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। चंदन कश्यप ने आगे कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते यह हमारा दायित्व है कि शासन की योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ बच्चों तक पहुंचाने के लिए प्रयास करें। अपने परिवार से दूर रहकर पढ़ाई कर रही इन बेटियों को सुरक्षित आवास, पौष्टिक भोजन, बेहतर वातावरण और अच्छी शिक्षा मिलना उनका अधिकार है। सत्ता के संरक्षण में बच्चों के अधिकारों और सुविधाओं को छीनने का यह खेल अब और नहीं चलने दिया जाएगा। यदि प्रशासन ने राजनीतिक दबाव से बाहर निकलकर अधीक्षिका पर तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनुर्जय नेताम, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव श्यामकुमारी ध्रुव, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र जैन, ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष निलय कश्यप, वरिष्ठ कांग्रेसी अचल बाजपेयी, महामंत्री जीवन सेठिया, मोसु बघेल, सालिक बघेल, कृष्णा कश्यप, भानु दीवान सहित ब्लॉक कांग्रेस की टीम उपस्थित रही
