खरीदा जाए वन अधिकार पट्टे वाले किसानों का भी धान: विधायक विक्रम मंडावी

बीजापुर। क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी ने जिले के पामेड़ क्षेत्र में धान बेचने से वंचित करीब 35 गांवों के लगभग के 600 वनाधिकार पट्टाधारी किसानों से शनिवार को पामेड़ में मुलाकात कर जिला प्रशासन से उनके नाम तुरंत एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज कराने और अन्य किसानों की तरह समर्थन मूल्य पर उनके धान की खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की है।
विधायक विक्रम मंडावी ने कहा है कि पामेड़ क्षेत्र के किसानों को वन अधिकार अधिनियम के तहत खेती की जमीन का पट्टा तो मिल गया है, लेकिन उनका नाम एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज न होने के कारण वे धान पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं। इसके चलते ये किसान सरकारी समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि वनाधिकार पट्टाधारी किसानों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। इससे पहले किसानों ने विधायक विक्रम मंडावी से मुलाकात के दौरान बताया कि पोर्टल पर नाम न जुड़ने से वे सरकारी खरीदी प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि वे समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित हो जाते हैं, तो उन पर कर्ज का दबाव भी बढ़ जाएगा। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, ब्लॉक कांग्रेस उसूर के अध्यक्ष मनोज अवलम, कांग्रेस नेता गुड्डू कोरसा, जनपद सदस्य अनिता तेलम, वीरेंद्र वासम, मुन्ना कुरसम, टी. सतीश, सुमन कोप्पुल, परीक्षित के. जी., पब्बा लक्ष्मैया, शंकर खटबीना सहित पामेड़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, किसान कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *