भाजपा नेता खोद रहे हैं पहाड़, निकलेगी चूहिया : सुशील मौर्य



केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की फजीहत कराने और अपनी नाकामी छुपाने पर तुले हैं भाजपाई

जगदलपुर :- केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह की 8 जून को जगदलपुर में प्रस्तावित जनसभा को लेकर कांग्रेस नेता सुशील मौर्य ने स्थानीय एवं छ्ग के भाजपा नेताओं की पोल खोलकर रख दी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नेता अपनी नाकामी को छुपाने और अपने वरिष्ठ नेता श्री सिंह की फजीहत कराने पर आमादा हो गए हैं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का आगमन बस्तर संभाग में हो चुका है और अभी वे कांकेर में हैं। गुरुवार 8 जून को दोपहर 2 बजे वे जगदलपुर के टाउन हॉल क्लब में जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। श्री सिंह की सभा को लेकर जिलेभर में स्थानीय भाजपा नेता जमकर प्रचार करा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं बस्तर सांसद के प्रतिनिधि सुशील मौर्य ने राज्य स्तर एवं जिले के भाजपा नेताओं की कारगुजारी का कच्चा चिट्ठा खोल दिया है। एक बयान जारी कर श्री मौर्य ने कहा कि बस्तर संभाग में भाजपा की जमीन खिसक ही नहीं चुकी है, बल्कि पूरी तरह दरक भी चुकी है। उन्होंने कहा है कि गिरिराज सिंह भाजपा में ऊंचे कद के नेता माने जाते हैं, ऊपर से वे एक केंद्रीय मंत्री भी हैं। उनकी सभा में अपेक्षित भीड़ जुटने की संभावना बिल्कुल भी नहीं है। क्योंकि यहां के नेता आम नागरिकों की तो दूर की बात, अपने ही कार्यकर्त्ताओं के दिलों में जगह नहीं बना पाए हैं। इसलिए एक बड़े नेता की जनसभा में डेढ़ दो हजार लोगों की ही भीड़ जुट जाए, तो बहुत बड़ी बात होगी। अपनी इस नाकामी पर पर्दा डालने के लिए प्रदेश के और स्थानीय भाजपा नेताओं ने सभा के लिए ऐसी जगह का चयन किया है, जहां डेढ़ दो हजार लोगों की मौजूदगी भी ऐसी लगे कि 20 – 25 हजार लोग पहुंचे हैं। श्री मौर्य ने कहा है कि बस्तर के आदिवासियों के मान सम्मान का ध्यान न रखने वाले स्थानीय नेता अपने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की गरिमा को भी आघात पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने बताया है कि टाउन हॉल क्लब की अधिकतम क्षमता दो हजार की गेदरिंग वाली है। इतने ही लोग वहां जमा हो जाते हैं, तो देखने से लगता है कि हजारों की भीड़ जुटी है। सुशील मौर्य ने कहा है कि अपने नेता गिरीराज सिंह की खातिर यहां के नेता दम भर रहे हैं पहाड़ खोदने का, लेकिन अंततः वहां से एक मरियल चूहिया ही निकलने वाली है। उन्होंने कहा है कि दरअसल अपनी नाकामी छुपाने के चक्कर में बस्तर और राज्य स्तर के नेता अपने वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह की फजीहत कराने पर तुल गए हैं। उन्होंने कहा है कि गिरिराज सिंह के बस्तर दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव दो दिन से बस्तर में हैं। स्थानीय भाजपा नेता अपने प्रदेश अध्यक्ष की भी आंखों में धूल झोंकने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *