आदिवासी परिवार के संग डिनर किया मंत्री गिरिराज सिंह ने



जगदलपुर :- केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने बीती रात एक आदिवासी के घर में जाकर आदिवासी परिवार के साथ भोजन किया। इस दौरान पूर्व मंत्री केदार कश्यप तथा अन्य नेता भी उनके साथ थे।
मंत्री गिरिराज सिंह दो दिवसीय बस्तर प्रवास पर हैं। 8 जून को उन्होंने जगदलपुर में जनसभा को संबोधित किया। वे पत्रकारों से भी मुखातिब हुए।

8 जून की रात का भोजन मंत्री गिरिराज सिंह ने जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गारावंड निवासी आदिवासी महादेव बघेल के घर में बघेल परिवार के साथ ग्रहण किया। केंद्रीय मंत्री तथा अन्य भाजपा नेताओं को बघेल परिवार के सदस्यों ने दोना – पत्तल में भोजन परोसा। भोजन में चावल आटे की रोटी, टमाटर, धनिया व मिर्च की चटनी, भात आदि शामिल थे। महादेव बघेल तथा उनके परिवार के अन्य पुरुष सदस्य मंत्री श्री सिंह के बगल में बैठे थे, जबकि पूर्व मंत्री केदार कश्यप व अन्य भाजपा नेता ठीक सामने आसीन थे। केंद्रीय मंत्री ने पूरे मनोयोग से भोजन ग्रहण किया। बगल में बैठे मेजबान महादेव भोजन करना छोड़ गिरिराज सिंह की तरफ निहारने लग जाते थे। मंत्री श्री सिंह उन्हें महादेव जी आप भी खाओ न कहकर भोजन ग्रहण के लिए प्रेरित करते नजर आए। दूसरे बाजू में बैठे बघेल परिवार के एक सदस्य ने व्यंजन का एक दोना श्री सिंह की तरफ बढ़ाया, तो वे कह उठे आज बहुत खा लिया, आप लोग खाइए। केदार कश्यप मंत्री गिरिराज सिंह से चटनी का जायका लेने का मनुहार करते दिखे। कुछ युवा मोबाईल फोन के कैमरे में इन दृश्यों को कैद करने में व्यस्त नजर आए। बघेल परिवार के सदस्यों ने गिरिराज सिंह के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। मंत्री गिरिराज सिंह ने रात्रि भोजन के दौरान लोगों से गांव में चल रहे विकास कार्यों के संबंध में चर्चा भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *