प्राधिकृत अधिकारी दूर करेंगे किसानों की समस्या : सेठिया



बकावंड :- खेती किसानी का वक्त सिर पर है और उधर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक मर्यादित की लेम्पस सोसाइटियों के प्रबंधक हड़ताल पर चले गए हैं। खेती का सारा दारो मदार इन्हीं सोसाइटियों पर टिका रहता है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने अब रणनीति बदली हैं। सरकार द्वारा मनोनीत प्राधिकृत अधिकारी अब एक्शन मोड मे आकर किसानों की सारी दिक्कतें दूर करेंगे। इसकी शुरुआत हो गई है। बकावंड ब्लॉक में कृषि कल्याण बोर्ड मेंबर जानकी राम सेठिया स्वयं लेंपस सोसाइटी पहुंच कर किसानों की समस्या से रूबरू हो रहे हैं। बस्तर में बकावंड ब्लॉक कृषि प्रधान क्षेत्र है। यहां प्रगतिशील किसानों के साथ-साथ बड़ी संख्या मे छोटे मझोले किसान भी हैं और उनको किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इस पर पैनी नजर रखी जा रही है।

किसान कल्याण बोर्ड सदस्य जानकी राम सेठिया ने शुक्रवार को बकावंड लैंपस सोसाइटी पहुंचकर किसानों की समस्याओं का समाधान किया। श्री सेठिया ने किसानों से उनकी खाद बीज की जरूरतों के बारे में पूछा और मौजूद कर्मचारियों के सहयोग से खाद बीज उपलब्ध कराने की बात कही। जानकी राम सेठिया ने कहा कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते और राज्य में कांग्रेस की सरकार रहते किसानों को कोई तकलीफ नहीं होने दी जाएगी। सभी किसानों को समय पर खाद, बीज और कृषि ऋण उपलब्ध कराए जाएंगे। श्री सेठिया ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के दुख दर्द को भलीभांति समझती है और किसानों की हर समस्या को दूर करने प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जिस तरह धान व अन्य कृषि उपजों तथा वनोपजों का समर्थन मूल्य बढ़ाकर इनकी खरीदी शुरू की है, वह पूरे देश के लिए नजीर बन गया है। ऐसी किसान हितैषी सरकार किसानों को संकट में पड़े नहीं रहने देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *