अंतराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में खेल स्पर्धा सम्पन्न


बीजापुर– जिले के विकासखंड मुख्यालय भैरमगढ़ में सक्षम बिटिया अभियान के अंतर्गत 11 अक्टूबर अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष भैरमगढ़ दशरथ कुंजाम , विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी नागेश, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जेआर शोरी, नीति आयोग पिरामल फाउंडेशन की ओर से सागर गजभिये एवं खंड स्रोत समन्वयक सहित 10 स्कूलों के 25 शिक्षक-शिक्षिकाऐं मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में माध्यमिक स्तर, हाईस्कूल स्तर पर 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ तथा 400 मीटर दौड़ साथ ही हायर सेकंडरी की बालिकाओं ने खो-खो, व्हालीबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्राथमिक स्तर के बालिकाओं ने रंगोली, चित्रकला, फैंसी ड्रेस, रस्सी कूद, कुर्सी दौड़ इत्यादि गतिविधियों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 300 से अधिक बालिकाएं उपस्थित थीं। वहीं इस क्षेत्र के जनप्रतिनिधी और गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन मौजूद थे।इस प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर कन्या पोटा कैबिन पुसनार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *