हम छत्तीसगढ़ के लोगों की खुशहाली के लिए वचनबद्ध –भूपेश
रायपुर :- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनता के लिए अभी तक एक भी घोषणा की है। इसके उलट कांग्रेस ने राज्य में जाति जनगणना कराने, 17 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराने, धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने, धान खरीदी लिमिट 20 क्विंटल करने समेत अन्य महति घोषणाएं की हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सक्ती में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई बड़े नेता चुनावी दौरे पर छत्तीसगढ़ आ चुके हैं। मगर भाजपा ने आज तक छत्तीसगढ़ के किसानों, युवाओं, महिलाओं, बेरोजगारों और मजदूरों के हित में आज तक एक भी घोषणा नहीं की है। जबकि हमारे नेता राहुल गांधी आए, तो उन्होंने राज्य me जाति जनगणना कराने की घोषणा की।. प्रियंका गांधी आईं, तो उन्होंने राज्य के 17 लाख बेघरबार परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की घोषणा की। श्री बघेल ने कहा कि गरीबों को आवास उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार अपने हिस्से का धन दे या न दे, हम 17 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराकर ही रहेंगे। इसके लिए हमने पहली किस्त की रकम जारी भी कर दी है। भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने फिर से सत्ता में आने पर धान खरीदी दर बढ़ाने और प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदने की घोषणा की है। आने वाले दिनों में हम जनहित से जुड़ी और भी कई घोषणाएं करने वाले हैं। हमारा एकमात्र उद्देश्य छत्तीसगढ़ को समृद्ध और यहां के लोगों को खुशहाल बनाना है। हमारे अब तक के कामकाज को आपने देखा है। छत्तीसगढ़ का किसान देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे ज्यादा खुशहाल है। बेरोजगारी भत्ता मिलने से युवाओं को बड़ी राहत मिली है, रीपा योजना में उद्योग संचालित कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। श्री बघेल ने कहा कि राज्य के हर व्यक्ति के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए हमने पूरी लगन से काम किया है और आगे भी करते रहेंगे।
