सरकार के दावों की पोल खोलने सड़क पर उतरे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज
-अर्जुन झा-
जगदलपुर। विकसित बस्तर का सच सामने लाने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज अब खुद सड़क पर उतर आए हैं। वे सालभर से टूटे पड़े पुल के पास खड़े होकर दीपक बैज ने सरकार को आईना दिखाया है। बस्तर जिले के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र की चितापुर ग्राम पंचायत के पास बहने वाली नदी का पुल साल 2025 में हुई भारी बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। यही नहीं दर्जनों गांवों में सड़कें और पुल पुलिया धराशायी हो गए थे। इनका पुनः निर्माण आज तक नहीं कराया गया है।

ऐसे ही एक टूटे पुल के पास पीसीसी चीफ दीपक बैज पहुंचे थे। पिछले मानसून के दौरान हुई भारी बारिश ने बस्तर के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई थी। पचासों मकान टूट गए थे, दर्जनों सड़कें, पुल पुलिया और रपटे बह गए थे। हालात इतने भयावह थे कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे थे। तब उन्होंने तबाह हुए लोगों की मदद, टूटे पुल पुलियों सड़कों और रपटों के जल्द पुनर्निमाण सहित कई घोषणाएं थीं, मगर स्थानीय प्रशासन ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं की पूरी तरह अनदेखी कर दी। धरातल पर आज तक मुख्यमंत्री की घोषणाओं का अमल नहीं हुआ है। बुधवार को पीसीसी चीफ दीपक बैज ने क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ मौके का जायजा लिया और सरकार से तुरंत उक्त पुल निर्माण कराने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के दावों वाले देश के सबसे विकसित संभाग बस्तर में कागजों पर विकास की गंगा बह रही है। जरा धरातल की सच्चाई भी देखिए,जुलाई 2025 से टूटा पुल आज तक नहीं बन पाया
है। मजबूर ग्रामीण और स्कूली छात्र छात्राएं बांस-बल्ली के जुगाड़ वाले पुल से अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। श्री बैज ने तंज कसते हुए कहा- बस्तर के विकास से इन्हें (भाजपा सरकार) कितना सरोकार है, यह जुगाड़ का पुल खुद बता रहा है। नजर सिर्फ बस्तर के खनिज संसाधनों पर है और विकास सिर्फ भाषणों में। करोड़ों के मंच सजाकर कहते हैं,“बस्तर के विकास का ब्लू प्रिंट तैयार है।” मुख्यमंत्री जी,बस्तर का विकास धरातल पर कब उतरेगा? इन अल्फाजों के साथ दीपक बैज ने बांस बल्लियों के खतरनाक पुल से गुजरते विद्यार्थियों का वीडियो भी मुख्यमंत्री को साझा किया है
