हॉस्पिटल की सुरक्षित जमीन पर तबेला मंजूर नहीं,जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का होगा पुरजोर विरोध,उग्र आंदोलन की चेतावनी- संतोष सेठिया …
नगरनार।
एनएमडीसी नगरनार क्षेत्र के ग्राम कोपागुड़ा में हॉस्पिटल निर्माण के लिए एनएमडीसी एवं जिला प्रशासन द्वारा लगभग 30 एकड़ भूमि की बाउंड्री कर उसे सुरक्षित रखा गया है। अब इसी भूमि में से लगभग 10 एकड़ जमीन देवभोग दुग्ध सहकारी समिति को तबेला खोलने के लिए देने हेतु ग्राम पंचायत पर दबाव बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। इस प्रस्ताव का ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नगरनार संतोष सेठिया ने क्षेत्र की जनता के साथ पुरजोर विरोध किया है।
संतोष सेठिया ने कहा कि एनएमडीसी नगरनार क्षेत्र में लंबे समय से हॉस्पिटल की आवश्यकता महसूस की जा रही है। क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में हॉस्पिटल निर्माण के लिए सुरक्षित रखी गई जमीन का उपयोग किसी अन्य कार्य के लिए किया जाना क्षेत्र की जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है।भाजपा सरकार में एनएमडीसी क्षेत्र की जनता को हॉस्पिटल जैसी मूलभूत स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के बजाय हॉस्पिटल के लिए सुरक्षित भूमि पर तबेला खोलने की तैयारी कर रही है, जिसका कांग्रेस पार्टी एवं क्षेत्र की जनता पुरजोर विरोध करती है।
संतोष सेठिया ने कहा कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व क्षेत्र की झाड़ेश्वर सहकारी समिति एवं ग्रामीणों द्वारा अपनी 8-9 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल एवं आंदोलन किया गया था। इसके बावजूद समस्याओं का उचित समाधान नहीं हुआ। सहकारी समिति से जुड़े मुद्दे भी अपेक्षित रूप से हल नहीं हुए और मामला मुख्य रूप से परिवहन तक सीमित होकर रह गया है।उन्होंने एनएमडीसी प्लांट के अंदर पर्यावरण से जुड़े मुद्दे को भी गंभीर बताते हुए कहा कि लगभग 14-15 वर्ष पूर्व प्लांट परिसर में पेड़ लगाए गए थे। इन पेड़ों के आसपास प्लांट से निकलने वाले स्लैग एवं डस्ट डाले जाने से पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कर पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
संतोष सेठिया ने कहा कि एनएमडीसी द्वारा क्षेत्र की जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया जा रहा है। क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने के बजाय हॉस्पिटल के लिए सुरक्षित रखी गई भूमि को अन्य उद्देश्य के लिए देने की तैयारी जनता के साथ वादा खिलाफी है।उन्होंने एनएमडीसी एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम कोपागुड़ा में हॉस्पिटल निर्माण के लिए सुरक्षित रखी गई लगभग 30 एकड़ भूमि का उपयोग केवल हॉस्पिटल निर्माण के लिए किया जाए तथा इस भूमि को किसी अन्य उद्देश्य के लिए आवंटित या उपयोग न किया जाए।
संतोष सेठिया ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि हॉस्पिटल के लिए सुरक्षित भूमि पर तबेला खोलने का प्रयास किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। जनता के स्वास्थ्य, हितों और क्षेत्र के अधिकारों के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
