सशक्त संगठन गढ़ने समन्वय, संवाद और व्यापक दृष्टिकोण ज़रूरी: पवन साय
जगदलपुर। बस्तर प्रवास पर आए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली और संगठनात्मक मार्गदर्शन दिया। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। श्री साय ने संगठन को सशक्त रूप देने कार्यकर्ताओं को समन्वय, परस्पर संवाद, समान उद्देश्य और व्यापक दृष्टिकोण बनाए रखने का मंत्र दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री साय ने कहा कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। शक्ति केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक निरंतर सक्रियता बनाए रखनी है। उन्होंने प्रवास और सतत संपर्क पर जोर देते हुए कहा कि बूथ स्तर पर पहुंच कर ज़मीनी कार्य पूर्ण होते हैं, कार्यकर्ताओं सहित आमजनों से संपर्क व संवाद स्थापित कर विचार परिवार का विस्तार होता है। श्री साय ने संगठन के कार्यक्रमों का गंभीरता से सफल प्रभावी क्रियान्वयन करने कहा। बैठक का संचालन भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से बस्तर संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह भामरा, सांसद महेश कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक संतोष बाफना, बैदूराम कश्यप, प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय, टेकेश्वर जैन, कमलचंद्र भंजदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय, सुधीर पांडेय, विद्याशरण तिवारी, श्रीनिवास मिश्रा, रामाश्रय सिंह, बलदेव मंडावी, खेमसिंह देवांगन, नरसिंह राव, ललिता बघेल, पूर्व महापौर सफीरा साहू, लखीधर बघेल, परिसराम बेसरा, रजनीश पाणिग्रही, प्रदीप देवांगन आदि सहित वरिष्ठ भाजपा नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
