छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को मिल रही है शानदार जीत – शैलजा
रायपुर। अभा कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा है कि राज्य में कांग्रेस फिर से सरकार बनाने जा रही है। मतदाताओं ने कांग्रेस पार्टी पर भरोसा जताया है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि पहले चरण के चुनाव में पूरा भरोसा जताया था। दूसरे चरण के चुनाव में भी लोगों का शानदार रुझान कांग्रेस के प्रति देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस कितनी सीटें जीत रही है, इस सवाल पर कुमारी शैलजा ने कहा कि ओवर कॉन्फिडेंस ठीक नहीं है। हां इतना जरूर है कि पहले की अपेक्षा इस बार कांग्रेस के प्रति लोगों ने और भी ज्यादा उत्साह दिखाया है और भरपूर प्यार दिया है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि हमारे सभी नब्बे प्रत्याशियों, सारे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव में अच्छी मेहनत की है।मतदाताओं ने भी हमें अपार स्नेह दिया है।
