नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में दो मजदूरों की मौत


निको जायसवाल की खदान में लगाई थी प्रेशर आईईडी

नक्सली संगठन भाकपा माओवादी की करतूत

जगदलपुर। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में आज शुक्रवार को सुबह नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नक्सलियों द्वारा एक खदान में किए गए आईईडी ब्लास्ट में दो युवा मजदूरों की मृत्यु हो गई तथा एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिस खदान में यह घटना हुई है, वह निको जायसवाल ग्रुप की बताई गई है। वारदात के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है।
यह जघन्य वारदात 24 नवंबर को सुबह नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर थाना क्षेत्र की अमदई पहाड़ी पर स्थित एक खदान में हुई। नक्सलियों द्वारा खदान में प्रेशर आईईडी विस्फोट किया गया, जिसकी चपेट में आने से दो युवा मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक अन्य मजदूर बुरी तरह घायल हो गया। मृतकों के नाम 21 वर्षीय रीतेश गागड़ा निवासी सड़क पारा राजपुर और 24 वर्षीय श्रवण गागड़ा निवासी छोटेडोंगर बताए गए हैं। घायल तीसरे मजदूर का नाम अभी पता नहीं चल पाया है। उसे छोटेडोंगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है। रीतेश गागड़ा का शव मौके से तुरंत बरामद कर लिया गया। वहीं शुरुआत में श्रवण को लापता बताया जा रहा था और उसकी खोजबीन की जा रही थी। कुछ देर बाद उसका भी शव मलबे में दबा मिल गया। इस जघन्य वारदात से अंचल में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। घटना को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमें अलर्ट मोड पर आ गई हैं। अमदई पहाड़ी और आसपास के जंगलों में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।

नक्सलियों ने दे रखी थी वार्निंग
इस वारदात में नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) का हाथ होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। जिस खदान में इस वारदात को अंजाम दिया गया है, वह निको जायसवाल ग्रुप की बताई गई है। नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) की पूर्व बस्तर डिवीजन कमेटी ने पहले से ही ग्रामीणों को निको जायसवाल की खदान में काम न करने की चेतावनी दे रखी थी। इस संबंध में इस नक्सली संगठन द्वारा कई जगह पर्चे भी चस्पा किए गए हैं, जिसमें लिखा है – अमदई पहाड़ निको जायसवाल कंपनी में काम कर रहे स्थानीय वर्कर्स तुरंत काम बंद करो। अमदई पहाड़ को बचाओ। पूर्व बस्तर डिवीजन कमेटी भाकपा (माओवादी)। फिलहाल नारायणपुर जिला पुलिस मामले की गहन पड़ताल और नक्सलियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *