भाजपा राज में छत्तीसगढ़ बन गया है अपराध गढ़ दीपक बैज



सरकार बदलते ही खत्म हो गया है कानून का राज

रायपुर। प्रदेश में बढ़ चुकी आपराधिक घटनाओं पर कांग्रेस ने गहरी चिंता व्यक्त की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा राज के एक माह में ही छत्तीसगढ़ अपराध गढ़ बन गया है। राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर तक लगातार हत्या, लूट, चाकूबाजी की घटनाएं हो रही हैं। राजधानी में सरेआम चाकू मारकर युवक की हत्या कर दी गई। एक दूसरी घटना में राजधानी में ही अपराधियों ने दौड़ा- दौड़ा कर युवक की हत्या कर दी। जोरा में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। कांकेर के पखांजुर में भाजपा नेता असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रदेश के हर शहर में चाकूबाजी, लूट की वारदातें आम हो गई हैं। सरकार बदलते ही ऐसा लगने लगा है जैसे कानून का राज समाप्त हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बेहद ही दुर्भाग्यजनक है कि भाजपा की सरकार को बने अभी एक महिना नहीं हुआ है और प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। बेलगाम अपराधी सरेआम लोगों की हत्याएं कर रहे हैं, गोलियां चल रही हैं। प्रदेश में एकबार फिर वहीं आतंक का दौर वापस आ गया है, जो 2018 के पहले था। गोलियां मारकर लोगों को लूटा जाता था, अपराधी पकड़े नहीं जाते थे। एकबार फिर से गोलिया चल रही हैं, अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। भाजपा का जंगलराज है राजधानी रायपुर में फिर से आ गया है। दीपक बैज ने कहा कि एक महिने में ही भाजपा की नई सरकार बेचारी और दिग्भ्रमित दिखने लगी है। इस कारण अपराधी और अराजकतत्व फिर सिर उठाने लगे हैं। राज्य में नक्सल गतिविधियां बढ़ गई हैं, अपराधी सरेआम गोलियां बरसा रहे हैं। यह स्थिति राज्य के नागरिकों के लिए चिंता पूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *