संभाग आयुक्त ने वजन कराया, तो कम निकला धान



जगदलपुर। बस्तर संभाग के कमिश्नर श्याम धावड़े ने शुक्रवार को कोंडागांव जिले के सिंघनपुर धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी केंद्र के प्रभारी से पंजीकृत किसानों की संख्या, किसानों का रकबा, धान उठाव की स्थिति की जानकारी लेकर खरीदे गए धान का वजन करवाया। कमिश्नर ने धान की बोरी का वजन कम पाने पर बाट वाले तौल की जगह इलेक्ट्रानिक तौल मशीन का उपयोग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने नमी मापक यंत्र से धान की नमी की भी जांच करवाई। इसके अलावा मक्का खरीदी की व्यवस्था पर भी चर्चा किए।
धान बेचने पहुंचे किसानों से केंद्र की व्यवस्था, किसान क्रेडिट कार्ड के उपयोग, धान खरीदी समिति द्वारा दी जा रही सेवा का भी संज्ञान लिया।

साथ ही ग्रामीणों से वन अधिकार मान्यता पत्र धारक किसानों के धान विक्रय, सामुदायिक वन अधिकार पत्र की स्थिति के संबंध में चर्चा की। ग्रामीणों ने समिति द्वारा खाद, बीज की उपलब्धता समय पर होने की बात कही तो कमिश्नर ने समिति प्रबंधक को बधाई दी। अस्थाई धान खरीदी केंद्र गोड़वाना समाज के भवन परिसर में संचालित किया जा रहा है। कमिश्नर ने सामाजिक भवन का उपयोग और परिसर की बाउंड्री करवाने के लिए कहा। इस दौरान केशकाल एसडीएम अनिकेत साहू, तहसीलदार ए. शर्मा, आयुक्त के वरिष्ठ निज सहायक हरेंद्र जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *