श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को दीपावली की तरह घरों में जलाएं दीपक – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
कवर्धा :- श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले भव्य आयोजन की तैयारियां छत्तीसगढ़ में हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने नागरिकों को आग्रह करते हुए कहा कि 22 जनवरी के दिन सभी अपने घरों में दीपावली की तरह दीपक जलाएं। उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिए गौरव का पल है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर कबीरधाम जिले के भी मंदिरों और तीर्थ स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिले के जनप्रतिनिधि इन स्थानों में साफ-सफाई कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि अयोध्या में हो रहे आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ की तरफ से भगवान राम के भोग के लिए चावल भेजा गया है। वहीं, सरकार ने इस मौके पर सभी स्कूल और कॉलेजों की छुट्टी घोषित कर दी है। 22 जनवरी को राज्य में ड्राय डे घोषित किया गया है।
ननिहाल में भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह की खुशियां दिखे, ऐसा हम सबका प्रयास होना चाहिए-विधायक भावना बोहरा

पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने कहा कि भगवान राम के जन्मभूमि अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि इस दिन हम सभी को दीपावाली की तरह ही घरों में दीपक जलाकर रौशन करना है। छत्तीसगढ़ वही कोसल है, जिसकी बेटी, माता कौशल्या ने भगवान राम को जन्म दिया। भगवान राम के इस ननिहाल में भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह की खुशियां दिखे, ऐसा हम सबका प्रयास होना चाहिए। विधायक श्रीमती बोहरा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी मंदिरों एवं तीर्थस्थानों में स्वच्छता अभियान भी चलाएं और प्रभु श्रीराम चंद्र की आगमन के लिए दीपावली की तरह घर-घर दीप जलाकर का स्वागत करें।
