मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के साथ अहिंसा उत्सव सप्ताह का आगाज


मैराथन रेस में 119 बालक बालिकाओं ने लिया भाग

जगदलपुर :- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अहिंसावादी सिद्धांतों को जन- जन तक पहुंचाने छः वर्षों से महाराष्ट्र के वर्धा स्थित सेवाग्राम आश्रम में ‘अहिंसा के रास्ते’ शिविर का आयोजन जारी है। इसके जरिए महात्मा गांधी के सिद्धांतों, आदर्शों और अहिंसावादी सोच को गति देने कार्य किया जा रहा है। अहिंसा के रास्ते शिविर के 6 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सर्वोदय नेतृत्व संगम द्वारा देशभर में अहिंसा उत्सव सप्ताह का आयोजन 25 से 31 जनवरी तक किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न रचनात्मक आयोजन किए जा रहे हैं। बस्तर संभाग मुख्यालय में अहिंसा उत्सव सप्ताह का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी बस्तर के सानिध्य में सर्वोदय नेतृत्व संगम, युवा कांग्रेस तथा एनएसयूआई द्वारा किया जा रहा है।

25 जनवरी को अहिंसा उत्सव मैराथन दौड़ स्पर्धा हुई। इसमें बस्तर संभाग के 119 बालक बालिकाओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि महापौर सफीरा साहू व विशेष अतिथि इंद्रावती विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव शर्मा थे।अध्यक्षता शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने की। अहिंसा उत्सव सप्ताह के बस्तर संभागीय संयोजक सर्वोदय नेतृत्व संगम सदस्य जावेद खान ने बताया कि देश की आजादी के बाद भी हम ऊंच नीच, जाति धर्म, नफरत और हिंसा की गुलामी में जकड़ते जा रहे हैं। इसे देखते हुए महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों और उनके दिखाए गए अहिंसा न्याय और जातिगत समानता, सामाजिक न्याय तथा महान भारत की परिकल्पना के सिद्धांतों को हम भूलें नहीं और उनका अनुसरण हम अपने जीवन में करते रहें। इस उद्देश्य से विगत छः वर्षों से निरंतर महाराष्ट्र के वर्धा जिले के सेवाग्राम गांधी आश्रम में ‘अहिंसा के रास्ते’ सामाजिक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के सफलता पूर्वक छः वर्ष पूर्ण होने पर देशभर के 20 राज्यों में 110 सर्वोदय नेतृत्व संगम सदस्यों और युवा कांग्रेस तथा एनएसयूआई के सहयोग से अहिंसा उत्सव सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत आज जगदलपुर में अहिंसा उत्सव मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें संभाग के विभिन्न जिलों से के 119 बालक बालिकाओं ने भाग लिया। मैराथन दौड़ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से आरंभ होकर संजय मार्केट, चांदनी चौक, एसबीआई चौक, मेन रोड, गोल बाजार से होती हुई दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में समाप्त हुई। बालक वर्ग में कोंडागांव जिले के धावक हरलाल मंडावी प्रथम, परदेशी राम द्वितीय एवं सोनूराम मरकाम तृतीय रहे। बालिका वर्ग में प्रथम प्रमिला मंडावी लोहंडीगुड़ा, द्वितीय कुमली पोयाम जगदलपुर तथा तृतीय लोहंडीगुड़ा की ममता कश्यप रही। प्रथम पुरस्कार गोल्ड मैडल व 51 सौ रू, द्वितीय सिल्वर मैडल व 31 सौ रू. एवं तृतीय ब्रांज मैडल व 21 सौ रू नकद दिए गए।
जावेद ने बताया अहिंसा उत्सव सप्ताह में 26 जनवरी को अहिंसा प्रभात फेरी तथा ध्वजारोहण, 27 जनवरी को निबंध स्पर्धा, 28 जनवरी को संगोष्ठी, 29 जनवरी को चित्र प्रदर्शनी, 30 जनवरी श्रमदान अभियान तथा 31 को जनवरी अहिंसा उत्सव सप्ताह स्वच्छता कर्मचारियों का सम्मान समारोह तथा अहिंसा उत्सव सप्ताह समापन समारोह होगा। इस दौरान युवा कांग्रेस ग्रामीण के कार्यकारी जिला अध्यक्ष अभिषेक डेविड, एनएसयूआई शहर जिला अध्यक्ष विशाल खंबारी, एनएसयूआई ग्रामीण जिला अध्यक्ष नीलम कुमार कश्यप, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्षा श्रीमती सरला तिवारी, पार्षद ललिता राव, शहर जिला कांग्रेस महामंत्री जाहिद हुसैन, कोषाध्यक्ष असीम सुता, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के वरिष्ठ नेता रोजविन दास, महिला नेत्री नीला, विक्की राव तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *