यदुवंशी रंग में रंगे मंत्री, सांसद और महापौर
जगदलपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बस्तर जिला यादव समाज द्वारा जगदलपुर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय समाज प्रमुखों के साथ यदुवंशी रंग में रंगे नजर आए।ये सभी जनप्रतिनिधि पीले रंग का पागा (पगड़ी) बांधे हुए थे और गले में पीले रंग का भगवान कृष्ण की छवि वाला दुपट्टा धारण किए हुए थे। समाज के लोग भी पीली पगड़ी पहने नजर आए।

शोभायात्रा दलपत सागर चौक से प्रारंभ हुई, जिसमें यादव समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जय श्रीकृष्ण के जयघोष, भक्ति गीतों और धार्मिक नारों से पूरा शहर कृष्णमय नजर आया। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल समाज के लोगों ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। शोभायात्रा में मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं जगदलपुर महापौर संजय पांडे विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान बस्तर जिला यादव समाज के अध्यक्ष सुखमन यादव सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कृष्ण जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का अवसर भी है। यादव समाज द्वारा आयोजित इस भव्य शोभायात्रा में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का वातावरण बना रहा।
