मंडी बोर्ड में सवन्नी की पदोन्नति और संविदा नियुक्ति पर उठे सवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी बोर्ड
अतिरिक्त प्रबंध संचालक महेंद्र सिंह सवन्नी की पदोन्नति और संविदा नियुक्ति पर अब मंडी बोर्ड के ही राज्य भर के कर्मचारी सवाल उठा रहे हैं। श्री सवन्नी को मिली कथित नियम विरुद्ध पदोन्नतियों और संविदा नियुक्ति की जांच की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
एक बयान में कहा गया है कि महेंद्र सिंह सवन्नी मंडी बोर्ड रायपुर में पदस्थ रहते हुए अधिवार्षिक आयु 62 पूर्ण कर दिनांक 30 जून 2024 को सेवानिवृत्त हो गए हैं। सेवानिवृत्ति उपरांत शासन द्वारा श्री सवन्नी को प्रबंध संचालक के पद पर संविदा नियुक्ति प्रदान की गई है। इस तरह श्री सवन्नी विगत 16 वर्षों से मुख्यालय में संयुक्त संचालक, अपर संचालक, अतिरिक्त प्रबंध संचालक एवं सेवानिवृत्ति बाद भी शासन द्वारा संविदा नियुक्ति प्रदान किए जाने से विभाग में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा श्री सवन्नी के कथित तानाशाही रवैये एवं कर्मचारी विरोधी कार्यप्रणाली तथा दंडात्मक प्रवृत्ति से क्षुब्ध होकर उनकी संविदा नियुक्ति को निरस्त कराने हेतु राज्य की सभी कृषि उपज मंडी समितियों एवं संभागीय कार्यालयों में संयुक्त हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इससे नाराज होकर श्री सवन्नी द्वारा ज्ञापन में हस्ताक्षर करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को चिन्हांकित कर उनके विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने की धमकी देकर उन्हें डराया जा रहा है। उनकी इस प्रवृति से सभी अधिकारी कर्मचारी भयग्रस्त स्थिति में कार्य कर रहे हैं एवं सशंकित हैं। संयुक्त हस्ताक्षर अभियान के प्रथम चरण में 245 अधिकारियों और कर्मचारियों के हस्ताक्षर हो चुके हैं। द्वितीय चरण में हस्ताक्षर अभियान पूर्ण होने पर मीडिया एवं प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से शासन से अपेक्षा की जाएगी कि श्री सवन्नी की संविदा नियुक्ति तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए, शासन स्तर से जांच समिति गठित कर इनके पूर्ण सेवाकाल के दौरान उन्हें दी गई त्रुटिपूर्ण पदोन्नतियों की जांच करा कर, नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
