अपने हाथों के हुनर से आत्मनिर्भर बनेगी बस्तर की नारी
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड जगदलपुर द्वारा बस्तर विकासखंड की ग्राम पंचायत बाकेल कोंगालगुड़ा में ग्रामीण महिलाओं के लिए तीन माह का शिशल शिल्प प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 20 महिलाओं ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण 4 जून से 3 सितंबर तक चला।
शिविर में इस प्रशिक्षिका समली बघेल द्वारा महिलाओं को हस्तशिल्प से उपयोगी एवं सजावटी सामग्री, झूमर टोकरी और विभिन्न प्रकार के शिल्प तैयार करने का हुनर सिखाया गया। प्रशिक्षण अवधि में प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी को 1,500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति के रूप में प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं के हाथों की कला देख अधिकारी आश्चर्य में पड़ गए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को पारंपरिक हस्तशिल्प से जोड़कर कौशल, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने हुनर को आय का साधन बनाकर आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर ग्राम पंचायत बाकेल के सरपंच दयमन बघेल, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
