धान की खरीदी तिथि 1 मार्च तक बढ़ाई जाए – दीपक बैज


4 फरवरी तक की तिथि पर्याप्त नहीं – पीसीसी

जगदलपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि धान खरीदी की तारीख सिर्फ 4 फरवरी तक बढ़ाया जाना अपर्याप्त है। 1 मार्च तक धान खरीदी की तारीख बढ़ाई जाए ताकि लक्ष्य की प्राप्ति हो सके तथा सभी किसान अपना धान बेच सकें।
श्री बैज ने कहा है कि अभी भी 5 लाख से अधिक किसान धान बेच नहीं पाए हैं।वहीं 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदने की घोषणा के बाद पूर्व में 20 क्विंटल के मान से धान बेच चुके किसानों से प्रति एकड़ 1 क्विंटल अतिरिक्त धान की खरीदी की जानी है। इस वर्ष के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 135 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा था। तब प्रति एकड़ 20 क्विंटल की खरीदी तय हुई थी। वर्तमान में जब प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी के आदेश जारी हो गए हैं, तो लक्ष्य भी बढ़ेगा और कम से कम 150 लाख मीट्रिक टन खरीदी पहुंचेगी। इसलिए एक माह और धान की खरीदी की जाए।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि किसानों को भाजपा अपने वादे के अनुसार धान की कीमत 3100 रु. प्रति क्विंटल भुगतान तत्काल करे। भाजपा ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में किसानो से वादा किया है कि वह धान की कीमत 3100 रु. प्रति क्विंटल देगी तथा इसका एकमुश्त भुगतान धान बेचने के तुरंत बाद खरीदी केन्द्रों की ग्राम पंचायतों में ही अलग से काउंटर बनाकर किया जाएगा। इस संबंध में शासन ने कोई निर्णय अभी तक नहीं लिया है। इस कारण किसानों को पुराने समर्थन मूल्य पर ही भुगतान हो रहा है। किसान चिंतित हैं कि उन्हें 3100 रु. कीमत कैसे और कब मिलेगी? किसानों को समर्थन मूल्य 2183 रू. का ही भुगतान हो रहा है। सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
दीपक बैज ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विधानसभा में पेश अनुपूरक बजट में भी धान खरीदी के लिए कोई वित्तीय व्यवस्था नहीं की गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। कांग्रेस ने मांग की है कि प्राथमिकता के आधार पर धान के एकमुश्त भुगतान किया जाए ताकि किसानों को उनकी फसल की पूरी कीमत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *