एक महिला समेत तीन नक्सली मारे गए थे टेकेलगुड़ा में
फोर्स पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली बस्तर दक्षिण सब जोनल ब्यूरो ने
छह नक्सली मारे जाने के दावे को झूठा कहा समता ने
जगदलपुर (अर्जुन झा ):- बस्तर संभाग के सुकमा जिले के टेकेलगुड़ा में बीते दिनों हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ के मामले में अब नया ट्विस्ट आ गया है। नक्सली प्रवक्ता समता ने प्रेस नोट जारी कर दावा किया है कि इस मुठभेड़ में छह नहीं, बल्कि सिर्फ तीन नक्सली मारे गए थे। मृतकों में एक महिला नक्सली भी शामिल है। प्रेस नोट के साथ मृत नक्सलियों की तस्वीरें भी शेयर की गई हैं।

सुकमा जिले के टेकेलगुड़ा में सर्चिंग पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने हमला कर दिया था। सुरक्षा बलों ने तुरंत एक्शन लेते हुए जवाबी कार्रवाई की थी। इस मुठभेड़ में तीन जवान शहीद हुए थे और 15 जवान घायल हो गए थे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में लगभग छह नक्सलियों के मारे जाने की संभावना जताई थी। इस बीच शनिवार को नक्सली संगठन बस्तर दक्षिण सब जोनल ब्यूरो के प्रवक्ता समता ने एक प्रेस नोट जारी कर इस मामले को नया मोड़ दे दिया है। सुकमा के टेकेलगुड़ा इलाके में सुरक्षा बलों पर हमले की जिम्मेदारी लेते हुए नक्सली प्रवक्ता समता ने हमले में नक्सली साथी महिला समेत दो नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी दी है। टेकेलगुड़ा हमले में तीन जवान वीरगति को प्राप्त हुए और शहीद और 15 जवान घायल हो गए थे। नक्सली प्रवक्ता ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए मारे गए अपने दो नक्सली साथियों की तस्वीरों ले साथ हमले में नक्सलियों द्वारा जप्त कारतूस, जवानों के पिट्ठू बैग और सामानों की भी तस्वीरें जारी की हैं। प्रवक्ता ने इस हमले के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा को जिम्मेदार बताया है। समता ने सुरक्षाबलों के दावे का खंडन किया है। प्रवक्ता ने कहा है कि इस पुलिस नक्सली मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे जाने की खबर झूठी है। नक्सली प्रवक्ता ने प्रेसनोट में माना है कि नक्सली संगठन को इस हमले में काफी नुकसान पहुंचा है।
जवानों के बीच पहुंचे गृहमंत्री शर्मा
इस बीच छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा शनिवार को टेकेलगुड़ा स्थित सुरक्षा बलों के कैंप में पहुंचे। श्री शर्मा ने कैंप में सुरक्षा बलों के अधिकारियों व जवानों के साथ काफी देर तक चर्चा की। जवानों की हौसला अफजाई करते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आप लोगों के साथ हमारी सरकार ठोस इरादे के साथ खड़ी है।डीआरजी, सीआरपीएफ, बस्तर फाइटर व कोबरा बटालियन के जवानों व अधिकारियों के साथ नक्सलियों से निपटने की रणनीति पर भी गृहमंत्री ने विचार विमर्श किया। इसके बाद गृहमंत्री विजय शर्मा हेलीकाप्टर से सिलगेर भी गए।वहां उन्होंने एंटी नक्सल ऑपरेशन में लगे जवानों की हौसला अफजाई और मुठभेड़ में शामिल रहे जवानों से चर्चा की।
