जीआर सोरी होंगे आदिम जाति विभाग के सहायक आयुक्त



जगदलपुर। आदिम जाति कल्याण विभाग में अब जीआर सोरी सहायक आयुक्त होंगे। विवादास्पद सहायक आयुक्त चंदेल मंत्रालय में अटैच कर दिए गए हैं। हालांकि अमित भाटिया जो जगदलपुर सीईओ थे, उन्हें कुछ दिनों तक आयुक्त का चार्ज दिया गया था। अमित भाटिया ने अल्प कार्यकाल में ही विद्यार्थियों के हित में जो काम किए हैं, वे लंबे समय तक याद रखे जाएंगे। खासकर ड्राई जोन में स्थित एक कन्या छात्रावास में भीषण जल संकट का मामला संज्ञान में आते ही श्री भाटिया ने मामले से कलेक्टर को अवगत कराकर कलेक्टर के निर्देश पर कन्या छात्रावास से कुछ दूर सफल बोर कराकर छात्राओं के लिए छात्रावास में ही पानी का मुकम्मल इंतजाम करवा दिया। पहले छात्राओं को नहाने और शौच के लिए छात्रावास से आधा किलोमीटर दूर नाले तक जाना पड़ता था। इस बरसाती नाले का पानी लगभग सूख गया था और गंदा हो चला था। बावजूद 7 से 15 वर्ष की आयु वाली छात्राएं उसी दूषित पानी से निस्तार करने के लिए मजबूर थीं। अब हॉस्टल में ही पर्याप्त और शुद्ध पानी उपलब्ध हो जाने से वहां की छात्राएं कलेक्टर विजय दयाराम के. और तत्कालीन आयुक्त अमित भाटिया को धन्यवाद देते एवं उनका आभार मानते नहीं थक रही हैं। इसी तरह एक अन्य छात्रावास में स्तरहीन भोजन दिए जाने के विरोध में धरने पर बैठे छात्रों की को भी अमित भाटिया ने चुटकी बजाते दूर कर दी थी। कुल मिलाकर उनका कार्यकाल बहुत ही अच्छा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *