केंद्र सरकार की योजनाओं को रोककर कांग्रेस सरकार ने गरीबों का हक मारा – साय



जगदलपुर। कांग्रेस की सरकार ने सुकमा के विकास की रफ्तार रोक दी थी, यहां के लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित कर दिया था। भाजपा सरकार ने सुकमा को ग्राम पंचायत से नगर पालिका और जिला बनाकर इसका कायाकल्प कर दिया। लेकिन पिछले पांच सालों में कांग्रेस सरकार ने विकास की रफतार रोक दी। केंद्र सरकार ने बस्तर व सरगुजा संभाग के लिए कई योजनाएं बनाई, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उन योजनाओं को बंद कर दिया। कांग्रेस ने आदिवासियों को सिर्फ वोटबैंक के रूप में उपयोग किया। आजादी के बाद के 75 साल में 55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन आदिवासियों का विकास नहीं हुआ। इसे समझने की बात है। डबल इंजन की सरकार है, तो विकास तेज रफतार से हो रहा है। आने वाले समय में फिर से डबल इंजन की सरकार बनाना है और मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है।

उक्त बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर संभाग के सुकमा में आमसभा को संबोधित करते हुए कही। गुरूवार को जिला मुख्यालय सुकमा के मिनी स्टेडियम में भाजपा द्वारा आयोजित आमसभा में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, प्रभारी मंत्री केदार कष्यप, मंत्री ओपी चैधरी, महेश गागड़ा व बस्तर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा महेश कश्यप हेलीकाप्टर से सुकमा पहुंचे। हेलीपेड पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। उसके बाद मिनी स्टेडियम में आमसभा का आयोजन हुआ।आमसभा को संबोधित करते हुए ओपी चैधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में जिले का विकास हुआ है। चाहे सड़क बनाना हो या फिर शिक्षा के क्षेत्र का काम भाजपा सरकार ने किया है। बस्तर पूरा एक जिला हुआ करता था, केरल राज्य से बड़ा जिला हुआ करता था, फिर भी कांग्रेस ने नया जिला बनाने का काम नहीं किया। भाजपा की सरकार ने नए जिले बनाकर विकास की रफ्तार बढ़ाई है। वही प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने कहा कि सुकमा में जो विकास कार्य दिख रहा है, वह भाजपा की देन है। पांच साल की कांग्रेस सरकार ने कुछ भी नहीं बनाया। न सड़कों की सुध ली और न ही लोगों की चिंता की। जो जनता के हित में काम करे, उसको वोट देना चाहिए। भाजपा की 90 दिनों की सरकार ने वादे पूरने करने की कोशिश की और पूरा किया है। वहीं पूर्व विधायक महेष गागड़ा ने सभा को संबोधित करते हुए सरकार के विकास कार्यो की जानकारी दी और डबल इंजन सरकार बनाने की बात कही। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे, हुंगाराम मरकाम, अरूण सिंह, सोयम मुक्का, मनोज देव, लीलाधर राठी, नुपूर वैदिक, पीलूराम यादव, संजय सोढ़ी समेत काफी संख्या में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नगद मिलेगी तेंदूपत्ता की राशि -केदार
आमसभा को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी मंत्री एवं वनमंत्री केदार कश्यपने कहा कि एक समय था जब तेंदूपत्ता की राशि के लिए वनवासी भाईयों को सड़क पर बैठकर धरना देना पड़ता था। उस समय हम लोग भी आए थे। तेंदूपत्ता का बोनस तक नहीं मिला था, लेकिन अब वनवासी भाईयों की सरकार है और मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी को नगद बोनस राशि दी जाएगी । उन्होने कहा कि जिले के दारू मंत्री थे लेकिन उनसे पांच साल का हिसाब मांगोगे, तो बता नहीं पाएंगे। आज जिले का विकास हुआ है, वो सिर्फ भाजपा की देन है। बहुत ही कम समय में प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार ने मोदीजी की गारंटी को पूरा किया है। माताओं व बहनों के खाते में महतारी वंदन योजना की राशि पहुंच गई, किसानों को धान का बोनस मिल गया। गरीब को छत मिल गई और रोजगार के संसाधन बढ़ गए।आजादी के बाद या पिछले पांच साल में कांग्रेस ने प्रदेश में सारी योजनाओं को बंद कर दिया था। लेकिन मोदी की गारंटी और विष्णु देव का सुशासन आ गया है। आप सभी के सहयोग से आने वाले दिनों में डबल इंजन की सरकार फिर से बनेगी और डबल रफतार से विकास कार्य होंगे।

कांग्रेस को लगा झटका
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। आमसभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव व प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के सामने कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता व जनपद पंचायत अध्यक्ष सोयम भीमा ने भाजपा में प्रवेश कर लिया। सोयम भीमा कोंटा ब्लाक के बड़े नेता हैं और दो बार जनपद सदस्य, उपाध्यक्ष रह चके हैं। साथ ही छिंदगढ़ व अन्य जगहों से करीब 100 कार्यकर्ताओं व नेताओं ने भाजपा में प्रवेश किया।

नक्सली छोड़ें बंदूक की भाषा – सीएम
वहीं पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पहले ही हमारे गृहमंत्री वार्ता की बात कर चुके हैं। नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़ मुखयधारा से जुड़ें और विकास में सहभागिता निभाएं। बंदूक की भाषा छोड़ दें, नही तो सरकार को जवाब देना आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *