लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 पार और कांग्रेस का होगा बंठाधार – केदार कश्यप



विधानसभा क्षेत्र प्रवास में ली शक्ति केंद्रों की बैठक
जगदलपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर वनमंत्री केदार कश्यप बस्तर संभाग में डटे हुए हैं और कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई कर रहे हैं। मंत्री श्री कश्यप मतदाताओं के भी बीच पहुंचकर उन्हें मोदी सरकार और विष्णु देव सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराकर बस्तर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कांकेर, कोंडागांव, बस्तर सहित नारायणपुर विधानसभा क्षेत्रों में लगातार प्रवास कर रहे हैं। विधानसभा स्तरीय प्रवास के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने शुक्रवार को नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के शक्ति केंद्रों की बैठकें ली। बैठक में मंत्री केदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विष्णुदेव सरकार द्वारा किए जा रहे जन कल्याणकारी कार्यों को लेकर चर्चा की। श्री कश्यप ने कार्यकर्ताओं और बैठकों में पहुंचे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी के आशीर्वाद एवं मेहनत से इस बार भी केंद्र में नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पुनः भाजपा की सरकार बनेगी और बस्तर, कांकेर लोकसभा क्षेत्रों सहित छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराएगा।

मोदी की गारंटी पर जनता को भरोसा
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देश ने मोदीजी के प्रति अपना विश्वास दिखाया है। मोदी की गारंटी सपना पूरा होने की गारंटी है। इस बात को भारत का हर एक आम नागरिक जानने लगा है। भारत की जनता को पूर्ण विश्वास है कि विकास केवल भाजपा सरकार में ही संभव है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, जनधन योजना, आयुष्मान योजना, स्टार्टअप इंडिया, कृषक उन्नति योजना सहित ऐसे बहुत सी योजनाओं का लाभ देश की जनता को प्राप्त हुआ है। स्वावलंबी भारत के निर्माण के लिए हमारा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तरोत्तर आगे बढ़ रहा है।

भाजपा बेहद मजबूत स्थिति में
वनमंत्री केदार कश्यप ने शक्ति केंद्रों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को एक शक्तिशाली और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है और आज पूरा विश्व भारत का गौरव गान कर रहा है। बड़े बड़े शक्तिशाली देश भी भारत की तरक्की, मजबूत अर्थ व्यवस्था, भारतीयों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को देख कर हैरान हैं। हम सभी कार्यकर्ता भी मोदी जी के नेतृत्व में लगातार कार्य कर रहे हैं। हम सबका एक ही लक्ष्य है भारत की छवि सबसे शक्तिशाली और विकसित राष्ट्र के रूप में हो। इस विजन के साथ भाजपा का हर एक कार्यकर्ता कार्य में लगा हुआ है। जबकि कांग्रेस और उनके इंडी गठबंधन के पास भारत के लिए कोई विजन नहीं है। वहीं इनके पास प्रत्याशी भी नही हैं। अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की ओर से नामांकन भी नही भरा गया है। इसलिए मुझे पूरा विश्वास है इसबार कांग्रेस का सूपड़ा पूरा साफ हो जाएगा।

अनेक गांवों में पहुंचे कश्यप
वन मंत्री केदार कश्यप ने विधानसभा स्तरीय प्रवास के दौरान शुक्रवार को घोटिया, बोड़नपाल, छोटे आमाबाल, मुंडागांव, केशरपाल, तुरपुरा, खंडसरा, सालेमेटा और सोरगांव शक्ति केंद्रों में देवतुल्य कार्यकर्ताओं से चर्चा की। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रवास और दौरा कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता भी अबकी बार भाजपा 400 पार और बस्तर व कांकेर में भाजपा की जीत के संकल्प के साथ मैदान पर डट गए हैं। श्री कश्यप ने कहा कि हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत जरूर रंग लाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *