केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर मजदूरों के हालात में सुधार होगा -दीपक बैज
जगदलपुर। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर मजदूरों के हालात में सुधार होगा। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो कांग्रेस श्रमिकों के लिए श्रमिक न्याय योजना शुरू करेगी। कांग्रेस मनरेगा के तहत मजदूरी 200 से बढ़ाकर 400 रू. प्रतिदिन करेगी।
दीपक बैज ने कहा कि मनरेगा की मजदूरी के दायरे का विस्तार होगा। कक्षाओं, पुस्तकालयों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के लिए मनरेगा निधि और श्रमिकों को भी तैनात किया जा सकेगा। कांग्रेस एक शहरी रोजगार कार्यक्रम शुरू करेगी, जो शहरी बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण और नवीकरण में काम की गारंटी देगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस महिला श्रमिकों के लिए समानता का अधिकार लाएगी। कार्यस्थलों एवं आर्थिक अवसरों तक पहुंच में लैंगिक भेदभाव और लैंगिक असमानता का समाधान करेगी। कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि महिलाओं के वेतन में भेदभाव को रोकने के लिए समान वेतन का सिद्धांत लागू किया जाए। मोदी सरकार द्वारा मजदूरों के हितों के खिलाफ श्रम कानूनों में किए गये अनुचित और अन्याय पूर्ण संशोधनों पर श्रमिक हित में सुधार किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस डिलीवरी ब्वाय के कामो को भी संगठित बनाने का काम करेगी। कांग्रेस गिग और असंगठित श्रमिकों के अधिकारों को निर्दिष्ट और संरक्षित करने और उनकी सामाजिक सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक कानून बनाएगी। घरेलू नौकरों और प्रवासी श्रमिको के रोजगार को विनियमित करने और उनके बुनियादी कानूनी अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए कानूनों का प्रस्ताव करेगी।
