पोस्ट ऑफिस बंद करने की साजिश बर्दाशत नहीं की जाएगी : श्याम जायसवाल
दल्लीराजहरा। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता श्याम जायसवाल ने माइंस ऑफिस कार्यलय के पास संचालित पोस्ट ऑफिस को बंद करने के आदेश पर नाराजगी जाहिर करते हुए डाक तार विभाग के उच्च अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जो अधिकारी कांग्रेसी मानसिकता से ग्रसित हैं उन्हें अपनी मानसिकता बदलनी होगी। भाजपा सरकार को बदनाम करने से बाज आना होगा।
भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने कहा है कि राज्य में हमारे विष्णुदेव की सरकार है व केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है। इसलिए जो भी अधिकारी हमारी सरकारों को बदनाम करने मनमाने ढंग से उल्टे सीधे आदेश जारी करेंगे, उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। श्याम जायसवाल ने सिविक सेंटर भिलाई स्थित कार्यालय के प्रवर अधीक्षक महावर को फोन पर तत्काल पोस्ट ऑफिस को बंद करने के आदेश को वापस लेने व माइंस ऑफिस पर संचालित पोस्ट ऑफिस को बंद नही करने को कहा है। साथ ही श्याम जायसवाल ने कलेक्टर बालोद व दल्ली राजहरा एसडीएम से भी फोन पर चर्चा कर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का निवेदन किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल पोस्ट ऑफिस के उच्च अधिकारियों से बात कर इस मामले में सार्थक निर्णय निकालने की बात कही है। श्याम जायसवाल ने आगे कहा कि माइंस ऑफिस चौक पर उप डाकघर लगभग 50 वर्षो से संचालित है। जिससे पुराना बाजार एरिया के लगभग 10 वार्डों के श्रमिकों व आम जनता का जुड़ाव है। जहां लोगो को स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री पोस्ट के साथ ही सुकन्या योजना, आरडी, एफडी, बचत खाता सहित कई योजनाओं का लाभ मिलता है। ऐसे में डाक तार विभाग के बड़े अधिकारियों ने बिना यहां के जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से चर्चा किए सीधे पोस्ट ऑफिस कार्यलय को बंद करने तुगलकी फरमान जारी कर दिया। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नही किया जाएगा। तत्काल पोस्ट ऑफिस के अधिकारी इस आदेश को वापस लें और पहले की तरह माइंस ऑफिस के पास पोस्ट ऑफिस का संचालन करें। श्याम जायसवाल ने आगे कहा कि यदि ये अधिकारी निवेदन से नही माने तो डौंडी लोहारा के छाया विधायक के जरिए मुख्यमंत्री को इन अधिकारियों की कांग्रेसी मानसिकता से परिचित कराते हुए इनकी मनमानी व इनके द्वारा हमारी भाजपा सरकार को बदनाम करने की साजिश शिकायत कर इन पर कार्रवाई कराई जाएगी।
