जनता का विश्वास सदैव भाजपा के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव

बकावंड :- भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को बस्तर विधानसभा क्षेत्र के करपावंड में मतदाता आभार एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, वनमंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप शामिल हुए। तीनों नेताओं ने बस्तर विधानसभा क्षेत्र की जनता व समस्त मतदाताओं का लोकसभा चुनाव में भाजपा पर विश्वास व्यक्त कर विजयी बनाने के लिए आभार माना।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जनता का विश्वास सदैव भाजपा के साथ है। जनता के आशीर्वाद से ही छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार स्थापित हुई है और केंद्र में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं। जनता की सेवा व देश का विकास भाजपा का संकल्प और लक्ष्य है। बस्तर को बेहतर बनाने और छत्तीसगढ़ को विकास की बुलंदियों पर ले जाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार दिन रात काम कर रही है।


विकास ही लक्ष्य : केदार
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश से कांग्रेस के कुशासन को उखाड़ फेंकने का बड़ा काम जनता ने किया है। विगत सात माह में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार ने जनता से किए वादों व मोदी की गारंटियों को पूरा करने का काम किया। बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के समग्र विकास का लक्ष्य लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं व प्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं का पूर्ण लाभ जन जन को मिले, इस दिशा में ठोस कार्य सतत हो रहे हैं।

अग्रणी होगा बस्तर -महेश
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दस वर्षों के कार्य व योजनाओं पर विश्वास की मुहर लगाई व भाजपा को विजयी बनाया। क्षेत्र की जनता, मतदाताओं व भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार है। बस्तर के निरंतर विकास व आम बस्तरिया की छोटी से छोटी समस्या का समाधान शीघ्रता से हो, इस दिशा में संकल्प के साथ कार्य होंगे। डबल इंजन की सरकार बस्तर को विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए काम कर रही है। समारोह को पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मंडावी, बस्तर लोकसभा संयोजक श्रीनिवास राव मद्दी, पूर्व विधायक डा. सुभाऊ कश्यप ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री वेदप्रकाश पाण्डेय ने किया। भाजपा के मतदाता अभिनंदन समारोह में प्रमुख रूप से जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, मंडल अध्यक्ष परिस बेसरा, धनुर्जय कश्यप, उदबो राम नाग, नारायण बिसाई, व्हीआर राजपूत, जितेंद्र पाणिग्रही, पुरूषोत्तम जोशी आदि सहित मतदाता कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।
_______

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *