बड़ी खबर – शिक्षक महेंद्र तर्मा की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई, लूट की नियत से की गई थी हत्या

सायबर सेल की मदद से घटना का मुख्य आरोपी हुआ गिरफ्तार, नेलसनार पुलिस की कार्यवाही

बीजापुर :- जिले के नेलसनार थाना क्षेत्र के मिरतुर मार्ग पर स्थित कड़ियामपारा पोटाकेबिन के पास 3 नवम्बर 2021 को अज्ञात नकाबपोशों द्वारा कार में सवार शिक्षक महेंद्र तर्मा की देशी कट्टे से गोली मारकर हत्या कर दी थी, इस घटना को माओवादी घटना से जोड़कर भी देखा जा रहा था। घटना को लेकर माओवादियों ने भी पर्चा जारी करते हुए महेंद्र तर्मा की हत्या से इंकार कर दिया था । सायबर सेल की मदद से पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी को महज 30 दिनों के अंदर सुलझा लिया गया । इस घटना के मुख्य आरोपी के पास से सारे सबूत भी एकत्रित कर लिया गया है ।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज शुक्ला ने बताया कि शिक्षक महेंद्र तर्मा की हत्या के बाद नेलसनार थाने में मामला पंजीबद्ध करते हुए विवेचना में लिया गया था, मामले की गम्भीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर आरोपीयों की तलाश में लगे हुए थे । विवेचना के दौरान तथ्यों के आधार पर अर्जुन कडती पिता बुधराम कडती उम्र 26 वर्ष , निवासी पॉलिगुड़ा थाना मिरतुर से बारीकी से पूछताछ किया गया । पुछताछ के दौरान अर्जुन कडती ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पैसे लूटने के इरादे से घटना को अंजाम देने की बात को स्वीकार किया ।

आरोपी अर्जुन कडती ने बताया कि मृतक महेंद्र तर्मा पूर्व में भी दीपावली के समय ज्यादा पैसे लेकर मिरतुर जुआ खेलने जाया करता था , और हमेशा वो अपने पास ज्यादा पैसे भी रखा करता था। आरोपी अर्जुन अपने दोनों साथियों के साथ शिक्ष महेंद्र तर्मा पर नजर बनाए हुए था। घटना के दिन मृतक महेंद्र तर्मा अपनी निजी कार से नेलसनार कड़ियामपारा पोटाकेबिन के पास अपने साथी के आने का इंतजार कर रहा था, उसी समय आरोपी अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर देशी कट्टे से गोली मारकर महेंद्र तर्मा की हत्या कर उसके पास रखे 20000/- नगद, मोबाईल विवो जेड कीमत 18000, शिक्षक के साथी सुदरु राम नेताम के पास से 600/- नगद, विवो मोबाइल कीमत 14000/- लूट कर भाग गए थे ।

घटना के मुख्य आरोपी अर्जुन कडती के बयान के आधार पर आरोपी के बताए हुए जगहों पर से घटना में इस्तेमाल किया गया होण्डा एसपी 125 लाल रंग की मोटरसाइकल व 315 बोर देसी कट्टा, लुटे गए पैसे में 5000/- , घटना के समय पहने कपड़े व मोबाईल पटलीगुड़ा मिरतुर से बरामद किया गया । प्रकरण में आरोपी अर्जुन विरुद्ध हत्या और लूट के सबूत पाए जाने के बाद नेलसनार थाने में विधिवत कार्यवाही के बाद न्यायालय बीजापुर में पेश किया गया । इस घटना में शामिल फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश में पुलिस जुट गई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *