सत्ता लोभ के लिए किसी भी दल के साथ रहने वाले नेताओं का संगठन में कोई स्थान नही
पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नेताओं की भूमिका से शीर्ष नेतृत्व अवगत,कार्यवाही का फैसला शीर्ष संगठन नेतृत्व करेगी – सत्येंद्र ठाकुर
बीजापुर – पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नेताओं पर भाजपा संगठन सख्ती बरतने के संकेत के साथ असंतुष्ट नेताओं के बयानो का संगठन ने खंडन किया है । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जिला महामंत्री सतेंद्र सिंह ठाकुर ने भाजपा जिला संगठन पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है की भारतीय जनता पार्टी से असंतुष्ट चल रहे व्यापारी व ठेकेदारी की दुकान चलाने वाले नेताओं का षड्यंत्र है जो पार्टी को तोड़ने के प्रयास से निष्कासित सदस्यों से मनगणत आरोप लगवा रहे हैं।
जिस तरह से तानाशाह होने का आरोप भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार पर लगाया गया है यह इनकी नफरत को दर्शाता है जबकि जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता एकजुटता के साथ संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं। आरोप लगा रहे सभी सदस्य पार्टी के विरुद्ध में कार्य कर रहे थे इसलिए इन्हें निष्कासित किया गया है। संतुदास मनिकपुरी पूर्व जिला अध्यक्ष के दौरान भी पार्टी से बाहर जाकर चुनाव लड़ चुके हैं, उसके बाद पुनः वही दोहराने का प्रयास किया था जो कि पार्टी के नियमों के खिलाफ था। मंडल अध्यक्ष रहते हुए दो-दो दफा निर्दलीय प्रत्याशी बनना और परिवार के सदस्य को निर्दलीय चुनाव में उतारना संगठन इसे कहाँ तक सही मानें। जिला महामंत्री ने आगे कहा है कि हाथ छाप कांग्रेसियों पर संगठन की पैनी नजर है और इनके कृत्य को शीर्ष संगठन नेतृत्व को अवगत करवाया गया है आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्यवाही की जाएगी,संगठन से ऊपर कोई नही। वर्तमान जिला अध्यक्ष संगठन के लिए समर्पित नेता हैं और पार्टी विरुद्ध गतिविधियों को स्वीकार नही करेंगे न ही इन पर कार्यवाही करने से पीछे हटेंगे। निष्कासन का यही डर हाथ छाप भाजपाइयों को है इसलिए बेबुनियाद आरोप लगाकर दबाने का प्रयास कर रहे हैं। इन्हें संगठन नही सरकार चाहिए,सरकार चाहे किसी भी दल का रहे,सत्ता लोभधारियों के लिए संगठन में कोई स्थान नही ।असंतुष्ट नेताओं की यही रवैया रहा तो आने वाले दिनों में शीर्ष संगठन सख्त कार्यवाही करेगी,और पार्टी विरुद्ध कृत्य में संलिप्त नेताओं का दखलंदाजी स्वीकार नही किया जाएगा।
