बाढ़ के हालात पर सांसद महेश कश्यप की नजर
–अर्जुन झा-
जगदलपुर :- बस्तर संभाग के बड़े भाग में घनघोर बरसात से उपजे हालात पर बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप लगातार नजर बनाए हुए हैं। श्री कश्यप सुकमा, बीजापुर व नारायणपुर के प्रशासनिक अधिकारियों और प्रभावित ग्रामीणों से सतत संपर्क में हैं।
शनिवार से रविवार पूरी रात तक बस्तर संभाग के सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कांकेर जिलों के बड़े हिस्से में हुई बेतहाशा बारिश से जहां जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं दर्जनों ग्रामीणों को काफी नुकसान भी हुआ है। सुकमा व बीजापुर जिले के प्रायः सभी नदी नाले उफान पर हैं। सुकमा की शबरी नदी और चकाबुका नदी में भारी बाढ़ आ गई है। पुल पुलिए डूब गए हैं। इसके चलते दर्जनों बसें, ट्रक, पिकअप, कारें व अन्य वाहन बीच रास्ते में फंस गए हैं। चकाबुका नदी की बाढ़ में सुकमा जिले के छिंदगढ़ ब्लॉक का चिंतलनार गांव चारों ओर से घिर गया है और बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। घरों में रखा राशन, कपड़े आदि भीगकर खराब हो गए हैं। ग्रामीणों को ग्राम पंचायत भवन में ठहराया गया है। इस गांव के करीब 25 मकान क्षतिग्रस या धराशायी हो गए हैं। यह गांव सांसद महेश कश्यप के निर्वाचन क्षेत्र में स्थित है। आज सुबह ही सांसद श्री कश्यप ने वीडियो कॉल कर प्रभावित ग्रामीणों से चर्चा कर उनका हालचाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य और केंद्र की भाजपा सरकारें सभी पीड़ितों के साथ खड़ी हैं, हर संभव सहायता मुहैया कराई जाएगी। इसके बाद श्री कश्यप ने सुकमा जिला प्रशासन के अधिकारियों भी बात की और चिंतलनार तथा अन्य प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के लिए कहा। दोपहर में सांसद महेश कश्यप ने सुकमा जिले के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ हीछिंदगढ़ ब्लॉक के कार्यकर्ताओं अधिकारियों से भी चर्चा कर प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए निर्देशित किया। सांसद महेश कश्यप बीजापुर जिला प्रशासन से भी लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और पल पल की जानकारी लेकर राहत एवं बचाव कार्य के लिए निर्देश दे रहे हैं। सांसद महेश कश्यप ने दोनों जिलों के अधिकारियों को प्रभावित गांवों में आवश्यक राहत सामग्री व सुविधाएं उपलब्ध कराने निर्देशित किया।
