छत्तीसगढ़ में चल रहा है अपराधियों का राज: दीपक बैज

अर्जुन झा-
जगदलपुर। राजधानी रायपुर में सेंट्रल जेल के बाहर एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की त्वरित प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा है कि भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ में कहीं भी इंसान सुरक्षित नहीं रह गया है। यहां बेलगाम अपराधियों का राज चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को रायपुर सेंट्रल जेल परिसर के सामने अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के गले को छीलते हुए निकल गई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मामले पर त्वरित प्रतिक्रिया दी है। दीपक बैज ने इसे कानून व्यवस्था के लिहाज से गंभीर मामला बताते हुए कहा है कि जेल परिसर में हुई फायरिंग प्रदेश में अपराधियों के बढ़े हुए हौसले को बताती है। श्री बैज ने सवाल किया है कि जब जेल परिसर ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता के घर का परिसर कितना सुरक्षित होगा? पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा है कि छत्तीसगढ़ का कोई भी कोना अब सुरक्षित नहीं रह गया है। जबसे यहां भाजपा की सरकार बनी है तभी से अपराधों का ग्राफ आसमान की बुलंदियों को छूने लगा है। छोटे मोटे अपराध तो राज्य की हर गली में हो ही रहे हैं, अब हत्या, लूट, बलात्कार, गैंगरेप, गोलीबारी जैसे संगीन अपराधों की बाढ़ सी आ गई है। राज्य के किसी न किसी हिस्से से ऐसे संगीन अपराधों की खबरें अमूमन रोज सामने आ रही हैं। राज्य में पुलिस के जवान और उनके परिजन तक सुरक्षित नहीं रह गए हैं। यहां एक पुलिस कर्मी की पत्नी और बेटी की हत्या कर दी जाती है, गुस्साई जनता की भीड़ पुलिस कर्मियों और अफसरों तक पर हमला कर देती है। वहीं दूसरी ओर पुलिस कस्टडी में निरीह ग्रामीण को मार डाला जाता है। ऐसे में राज्य की जनता अपनी सुरक्षा की उम्मीद भला किससे कर सकती है? दीपक बैज ने कहा है कि गलियों तथा सड़कों पर अपराधी मार डालते हैं और फरियाद करने थाने जाओ तो पुलिस वाले मार डालते हैं या फिर मार मार कर अधमरा कर देते हैं। दीपक बैज ने कहा है कि राज्य की भाजपा सरकार से कानून व्यवस्था सम्हल नहीं पा रही है। यहां बेलगाम अपराधियों का राज चल रहा है। छत्तीसगढ़ की लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को बर्खास्त कर यहां राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग फिर दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *