बस्तर तेजी से आगे बढ़ रहा है शांति और विकास की राह पर: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

जगदलपुर। बस्तर ओलंपिक 2024 के तहत संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का शनिवार को स्थानीय इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में विधिवत शुभारंभ करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समूचे संभाग के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बस्तर संभाग के सभी सातों जिलों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर के युवाओं ने इतनी बड़ी संख्या में स्पर्धा में भाग लेकर साबित कर दिया है कि यहां के युवा और समूचे बस्तर के लोग शांति एवं विकास की राह पर चल पड़े हैं। सरकार बस्तर के युवाओं को समाज की मुख्यधारा में शामिल कर विकास में सहभागी बनाने के लिए कटिबद्ध होकर कार्य कर रही है। यही वजह है कि बस्तर के युवा लोकतंत्र के विकास के मार्ग में आगे आकर भूमिका निभा रहे हैं। बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता के विजेता विकास के मॉडल होगें। बस्तर के गांव-गांव में विकास की धारा पहुंचे, इस दिशा में सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। आने वाले दिनों में बस्तर में चहुंओर शांति और विकास की बयार बहेगी। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण है और इस धरा का समग्र विकास करने के लिए सार्थक प्रयास किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक यहां के युवाओं को खेल की दृष्टि से आगे बढ़ाए जाने की पहल के साथ उन्हें विकास में सहभागिता निभाने प्रोत्साहित करना है। बस्तर में खेल की अधोसंरचना को और बेहतर किया जाएगा, ताकि खिलाडियों को उचित मंच दिया जा सके। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जितना सिखाता है हार भी हमको अच्छा करने की प्रेरणा देती है। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण श्री टंकराम वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि जिंदगी की असली उड़ान का यही समय है, यही वह मौका है जब युवा अपने हर सपने को साकार कर सकते हैं। बस्तर ओलंपिक युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का सकारात्मक प्रयास है। भविष्य में इस दिशा में और बेहतर पहल की जाएगी।

आए हैं 3 हजार खिलाड़ी
बस्तर ओलंपिक 2024 का आयोजन पूरे उत्साह के साथ चल रहा है। इस प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के सभी सात जिलों के लगभग 3 हजार उत्कृष्ट खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इन खिलड़ियों को शहर के विभिन्न सामाजिक भवनों एवं स्कूलों में ठहराया गया है। सभी खिलाड़ियों के लिए रविवार को नाश्ता और भोजन की व्यवस्था डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हाल में किया गया है। इस व्यवस्था का जायजा लेने जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल सुबह से ही स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों से मिले और उनका हाल चाल जाना। साथ ही व्यवस्था के संबंध में उनसे बात करते हुए पूरे लगन और लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में अपना उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतिभागियों के साथ नाश्ता किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *