सरपंच व ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर घेरेंगे लोहंडीगुड़ा एसडीएम दफ्तर

जगदलपुर। जिला मुख्यालय जगदलपुर के राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने लोहंडीगुड़ा में सरपंच व ग्रामीणों के खिलाफ हुए एफआईआर की निंदा करते हुए लोहंडीगुड़ा एसडीएम दफ्तर का घेराव का ऐलान किया। श्री बैज ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के बेटी दामाद की खातिरदारी के लिये राशि नहीं देने पर बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा के ग्राम पंचायत चित्रकोट के सरपंच और 12 अन्य ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किये जाने की कांग्रेस निंदा करती है यह बेहद चिंता का विषय है कि अधिकारी सत्तारूढ़ दल के नेताओं और शासकीय अधिकारियों की खातिरदारी करने के लिये ग्रामीणों पर दबाव बनाते है और नहीं मानने पर उनके खिलाफ झूठा एफआईआर दर्ज करवाते है।

श्री बैज ने कहा कि 15/05/25 को मुख्यमंत्री के बेटी- दामाद (राज्य अतिथि) के प्रवास के दौरान लोहंडीगुड़ा के एसडीएम द्वारा चित्रकोट के सरपंच को फोन कर चित्रकोट के सामने बने पार्किंग नाका के पैसे से मुख्यमंत्री के बेटी दामाद के लिए मुर्गा, मटन एवं अन्य चीजों की व्यवस्था करने के लिए कहा गया, जिसके बाद सरपंच द्वारा मना करने पर उसे नोटिस दे कर नाका को बंद करने का निर्देश लोहंडीगुड़ा एसडीएम द्वारा दिया गया, जबकि पार्किंग नाका चलाना ग्राम पंचायत का अधिकार है। विगत 10 सालों से इसे ग्राम पंचायत एवं उनके समिति के द्वारा चलाया जा रहा है। नोटिस मिलने के बाद सरपंच एवं ग्रामीणों ने कड़ा विरोध प्रदर्शन किया तो उल्टे उनके खिलाफ 126(2)- BNS,189(2)- BNS जैसे धाराएं दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री को अपने बेटी दामाद की खातिरदारी करवानी ही थी राज्य सरकार के सत्कार मद से करवा लेते। चित्रकोट मेरा विधानसभा क्षेत्र, लोकसभा क्षेत्र है वे बताते तो मैं खुद अपनी तरफ से उनके दामाद की मेहमान नवाजी करवाता, लेकिन एक आदिवासी सरपंच को प्रताड़ित करवाना उचित नहीं है।
*बस्तर के ग्रामीणो से जबरिया मुर्गा, मटन एवं अन्य व्यवस्थायें करवाने की परंपरा पर विराम लगना चाहिये। ऐसे शोषणों से ही समाज में आक्रोश पैदा होता है जो व्यवस्था के खिलाफ जनांदोलन का रूप लेता है। चित्रकोट के ग्रामीणों ने इस अन्याय के खिलाफ आंदोलन छेड़ा है। सरकार में बैठे हुये लोग अपनी इन्हीं हरकतों से आदिवासियों के मन में सरकार के खिलाफ अविश्वास पैदा करते है।

इस प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य,पूर्व विधायक रेखचंद जैन,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष सहदेव नाग,अंगद त्रिपाठी, एम वेंकट राव,राजेश राय,रविशंकर तिवारी, अनुराग महतो, संदीप दास, शादाब अहमद,पार्षद जस्टिन भवानी, शुभम यदु, ललिता राव,एस नीला, ज्योति राव आदि मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *