हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन

जगदलपुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में ‘बस्तर में हिंदी पत्रकारिता: चुनौतियां एवं संभावनाएं’ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में विभिन्न मीडिया संस्थान के संपादक, रिपोर्टर, कैमरामैन सहित अन्य ने उपस्थिति दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनजातीय भौगोलिक क्षेत्र के कारण बस्तर में पत्रकारों का संघर्ष और बढ़ जाता है। इस क्षेत्र में पत्रकारिता करने के उनके साहस का सम्मान होना चाहिए। प्रो. श्रीवास्तव ने कहा कि हर पत्रकार एक बहुआयामी व्यक्तित्व का होता है। पत्रकार सारे परिवर्तन, चुनौतियों और आवश्यकता पर लिखते हैं।
प्रधान संपादक दिलशाद नियाजी ने कहा कि पत्रकारिता एक बहुत बड़ा मिशन है पर पत्रकारिता करना आसान नहीं है। पत्रकारिता लेखन के साथ अखबार का प्रकाशन भी एक बड़ी चुनौती है।
जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार मनीष गुप्ता ने कहा कि हम सभी को सुंदर बस्तर के सपने को साकार करना है। पत्रकार को पूरे कैरियर में अध्ययन करते रहना पड़ता है। बिना अध्ययन के वह विषय पर न्याय नहीं कर सकता। श्री गुप्ता ने पत्रकारिता पीजी कोर्स और संबंधित शोध पीठ की जरूरत की ओर विवि प्रबंधन की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि बस्तर संभाग में बहुत सारे ग्रामीण पत्रकार हैं जिन्हें पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के प्रति जागरूक करने का प्रयास होना चाहिए।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार नरेश मिश्रा ने कहा कि पत्रकारों को किसी चुनौती से भयभीत नहीं होनी चाहिए। युवा पत्रकारों को निराश नहीं होना चाहिए। अवसर मिलने पर कुछ बेहतर करने का प्रयास करें। श्री नरेश मिश्रा ने कहा कि पत्रकारिता पर सवाल उठाना लाजिमी है पर धारणा बनाना गलत है। श्री मिश्रा ने बताया कि पत्रकारिता के क्षेत्र में आर्थिक लाभ अन्य क्षेत्र की तरह बेहतर नहीं है पर काम करने के बहुत अवसर हैं। पत्रकारिता में अच्छा काम करने वाले युवाओं की बहुत जरूरत है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रज्ञा गुप्ता और आशुतोष तिवारी ने किया। इससे पहले कुलसचिव डॉ. राजेश लालवानी ने स्वागत उदबोधन दिया। ज्ञात हो कि 30 मई 1826 को संपादक पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने प्रथम हिंदी अखबार उदंत मार्तण्ड का प्रकाशन प्रारंभ किया था। पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान व पत्रकारिता व जनसंचार अध्ययनशाला की ओर से हुए इस आयोजन में विभागाध्यक्ष डॉ. संजय डोंगरे, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विनोद कुमार सोनी, सत्यवान साहू, इंदु बेक, विमलेश साहू सहित विभिन्न विभागों के फैकल्टी व विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *