यातायात नियमों की अनदेखी पर बीजापुर पुलिस की सख्ती जारी, 30 मामलों में ₹14,000/- का चालान वसूला

बीजापुर :- सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से बीजापुर पुलिस द्वारा जिले में निरंतर यातायात नियमों के पालन हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में दिनांक 30.05.2025 को यातायात पुलिस बीजापुर द्वारा जिला मुख्यालय मे विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 30 मामलों में चालान की कार्रवाई करते हुए ₹14,000/- (चौदह हजार रुपये) का समन शुल्क वसूला गया।

इस विशेष अभियान में कई प्रकार के यातायात नियम उल्लंघन सामने आए, जिनमें प्रमुख रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाना, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग न करना, वाहन में अवैध रूप से हूटर/एलईडी लाइट लगाना, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाना, काले शीशों (ब्लैक फिल्म) का प्रयोग, ओवरलोडिंग तथा मालवाहक वाहनों में सवारी ढोना शामिल हैं।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, यातायात नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार साहू एवं यातायात प्रभारी उप पुलिस निरीक्षक केशव ठाकुर के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

यातायात नोडल अधिकारी उपपुलिस अधीक्षक विनीत कुमार साहू ने इस अवसर पर नागरिकों को संदेश देते हुए कहा:

“सड़क पर आपकी छोटी सी लापरवाही किसी की ज़िंदगी छीन सकती है। यातायात नियमों का पालन करना केवल कानून का हिस्सा नहीं, बल्कि यह एक सामाजिक जिम्मेदारी है। हम सभी से अपेक्षा है कि हम खुद भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। हर वाहन चालक को यह समझना होगा कि हेलमेट और सीट बेल्ट कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का कवच हैं। यदि हम एक जागरूक नागरिक बनकर चलें, तो कई अनमोल ज़िंदगियाँ बचाई जा सकती हैं।”

बीजापुर पुलिस नागरिकों से यह अपील करती है कि वे निम्नलिखित बातों का कड़ाई से पालन करें:

दोपहिया वाहन पर हमेशा हेलमेट पहनें।

चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं।

मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाएं।

नशे की हालत में वाहन न चलाएं।

बिना लाइसेंस और नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें।

वाहनों में अवैध हूटर, एलईडी लाइट एवं काले शीशों का प्रयोग न करें।

ट्रैफिक सिग्नल और संकेतों का पालन करें।

🚦 भविष्य में भी बीजापुर पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *