लाल आतंक और लाल पानी दोनों बस्तर के लिए परेशानी का सबब!
–अर्जुन झा-
जगदलपुर। लाल आतंक और लाल पानी दोनों ही बस्तर के आदिवासियों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गए हैं। नक्सली जहां आदिवासियों की जान के दुश्मन बन गए हैं, वहीं लाल पानी उनकी फसलों और मवेशियों के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। बैलाडीला स्थित एनएमडीसी की लौह अयस्क खदानों से निकलने वाला लाल पानी नदी नालों को तो प्रदूषित कर ही रहा है, फसलों को भी नुकसान कर रहा है और मवेशियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
बैलाडीला स्थित एनएमडीसी की आयरन ओर खदानों से निकलने वाला लाल पानी बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के कई गांवों में कहर ढा रहा है। इस जिले के ग्राम पुसनार, हिरोली, करका, दुगाली और डुमीरपालनार इस लाल पानी से कुछ ज्यादा ही प्रभावित हैं। इन सभी गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी से मुलाकात कर एनएमडीसी के बैलाडीला स्थित आयरन ओर खदानों से निकलने वाली लाल मिट्टी से ग्रामीणों को होने वाले नुक़सान की जानकारी देते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना कि गांवों से होकर बहने वाली बेरूदी नदी का पानी एनएमडीसी की आयरन ओर खदान के कारण दूषित हो गया है। इस नदी के पानी के उपयोग से मवेशियों की आकस्मिक मृत्यु हो रही है। खेतों की फसलें नष्ट हो रही हैं। इस पानी का उपयोग करने वाले ग्रामीण बीमार हो रहे हैं। इसलिए ग्रामीणों की मांग है कि ग्रामवासियों को रहे नुकसान की भरपाई करते हुए मुआवजा राशि प्रदान कराई जाए। साथ ही ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी को ज्ञापन सौंपते हुए यह मांग उठाई कि एकबार लाल पानी प्रभावित क्षेत्र का सर्वे किया जाए। जो नुकसान हो रहा है मुआवजा मिलना चाहिए। एनएमडीसी बचेली में लाल पानी प्रभवित क्षेत्रो के बेरोजगार युवकों को रोजगार दिया जाए। लाल पानी प्रभावित क्षेत्र में एक सर्वसुविधा युक्त अस्पताल खोला जाए और गाय बैल की मृत्यु होने पर उसका भी मुआवजा दिलाया जाए। ग्रामीणों ने कदमपाल डेम जैसा एक डेम डुमरीपालनार में भी बानाने की मांग उठाई। विधायक विक्रम मंडावी ने लाल पानी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों के मांगों को सही ठहराते हुए कहा कि सरकार को जल्द से जल्द ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। इसके साथ ही विधायक ने कहा कि 20 जून को वे एनएमडीसी की खदानों से निकलने वाले लाल पानी से प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने स्वयं जाएंगे। विक्रम मंडावी ने कहा है कि एनएमडीसी बस्तर की खनिज संपदा का दोहन तो कर रहा है, मगर उसे बस्तर के लोगों के जनमाल की जरा भी परवाह नहीं है। यह बर्दाश्त करने लायक नहीं है। क्षेत्र की जनता के हित में वे हर संभव कदम उठाएंगे।
