शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत, शिक्षा सत्र 2025-26 का हुआ शुभारंभ
भोपालपटनम :-छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार शिक्षा सत्र 2025-26 के प्रारंभ के साथ ही पूरे राज्य में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक के कन्या/बालक प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में संयुक्त रूप से संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद श्री शेख रज्जाक उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष श्री राकेश कुमार केतारप ने की। विशिष्ट अतिथियों में सेवानिवृत्त शिक्षक श्री साई कुमार चेट्टी, श्री गोविंद कुमरे, श्री मुरली मनोहर चांडक, श्री अनीश खान, प्राचार्य बी. मधुकर राव और प्राचार्य एन. राजेश शामिल रहे।
मां सरस्वती की वंदना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं श्रीफल फोड़कर की गई। इसके पश्चात विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत-सम्मान किया गया।
अतिथियों के प्रेरक उद्बोधन
विशिष्ट अतिथि श्री ए. सुधाकर ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय ज्ञान का मंदिर है, जहाँ बच्चे अपने जीवन की पहली औपचारिक शिक्षा यात्रा प्रारंभ करते हैं। उन्होंने पालकों से अपील की कि वे बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें।
श्री साई कुमार चेट्टी ने भी बच्चों, पालकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की प्राथमिक शिक्षा की जिम्मेदारी सबसे पहले माता-पिता की होती है। उन्होंने पालकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की पढ़ाई में रुचि लें और उन्हें प्रोत्साहित करें।
कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री राकेश कुमार केतारप ने कहा कि नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं शिक्षकगणों के मार्गदर्शन में अच्छी शिक्षा प्राप्त कर समाज, विद्यालय और परिवार का नाम रोशन करें।
मुख्य अतिथि श्री शेख रज्जाक ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह प्रवेश केवल विद्यालय में नहीं, बल्कि भविष्य के उज्ज्वल मार्ग की ओर पहला कदम है।
बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत
प्रवेश उत्सव के अवसर पर कक्षा पहली में कुमारी रक्षिता बोरे, कुमारी अलकनंदा तलांडी, नवीन वासम, हिमेश पोरतेटी, तथा कक्षा छठी में प्रणय कोरेट, प्रेम वाडला, भाव्या बामन एवं लक्ष्य काका ने नव प्रवेश लिया। सभी बच्चों का स्वागत तिलक, मिठाई, पुष्पमाला, स्कूल यूनिफॉर्म और पाठ्यपुस्तकों के वितरण के साथ आत्मीय वातावरण में किया गया।
आयोजन का सफल संचालन
कार्यक्रम का सफल संचालन संकुल समन्वयक श्री कमल सिंह कोर्राम ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, सभी शिक्षकगण, पालक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
