नगरनार स्टील प्लांट की पार्किंग में अव्यवस्था बनी दुर्घटनाओं का कारण: संतोष सेठिया

नगरनार। नगरनार स्टील प्लांट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग अब दुर्घटनाओं का कारण बनती जा रही है। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है।
संतोष सेठिया ने कहा है कि नगरनार स्टील प्लांट के गेट के आसपास बड़ी संख्या में ट्रक और भारी मालवाहक वाहन अनियंत्रित तरीके से सड़क किनारे खड़े किए जा रहे हैं, जिससे आमजन और स्थानीय वाहन चालकों को आवागमन में गंभीर परेशानी हो रही है। कई बार यह स्थिति जानलेवा साबित होती है। यहां पैदल चलने वाले राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। संतोष सेठिया ने कहा कि इस प्रकार की अनियंत्रित पार्किंग न केवल यातायात जाम का कारण बनती है, बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए खतरे की घंटी भी है। बीते कुछ महीनों में यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों को चोटें आई हैं और कुछ की जान तक चली गई है।संतोष सेठिया ने जिला प्रशासन और स्टील प्लांट प्रबंधन से अपील की है कि वे जल्द से जल्द भारी वाहनों की पार्किंग के लिए समुचित और सुरक्षित स्थान निर्धारित करें तथा पुलिस प्रशासन को निर्देशित करें कि अनधिकृत पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं देता है तो स्थानीय कांग्रेसजन जनहित में आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। स्थानीय लोगों ने भी संतोष सेठिया की इस मांग का समर्थन किया है और कहा है कि पार्किंग व्यवस्था सुधरने से दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी और यातायात भी सुगम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *