राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ने की मांग तेज, बस्तर में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

बस्तर। राष्ट्रीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए पृथक कॉलम जोड़े जाने की मांग को लेकर ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को बस्तर जिला इकाई द्वारा बस्तर तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपकर आगामी जनगणना 2027 को समावेशी, पारदर्शी और सटीक बनाने की मांग की गई है।

यह ज्ञापन ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम साहू के निर्देशन, संभाग अध्यक्ष दिनेश यदु के मार्गदर्शन एवं संभागीय सचिव दिलेश्वरी ठाकुर के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने विस्तार से अपनी मांगों को रखा।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई है कि वर्ष 2027 में होने वाली राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी वर्ग का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाए और इसके लिए जनगणना प्रपत्र में अलग कॉलम की व्यवस्था की जाए। साथ ही जातिवार गणना के लिए राज्यवार जातियों की सूची और डिजिटल प्रणाली में ड्रॉप-डाउन विकल्प उपलब्ध कराया जाए, ताकि जनगणना के दौरान गलत वर्गीकरण, नाम में त्रुटि और आंकड़ों में गड़बड़ी की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। महासभा का कहना है कि अब तक जनगणना में ओबीसी वर्ग के आंकड़ों का स्पष्ट उल्लेख नहीं होने से इस वर्ग की वास्तविक जनसंख्या का सही आकलन नहीं हो पाता है।

महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या के सटीक आंकड़े सरकार के पास उपलब्ध होंगे तो इससे शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, कल्याणकारी योजनाओं और सरकारी संसाधनों के उचित एवं न्यायपूर्ण आवंटन में बड़ी मदद मिलेगी। जातिवार आंकड़े सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा और इससे पिछड़े वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी। समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए यह आवश्यक है कि जनगणना में सभी वर्गों की स्पष्ट गणना हो।

ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से अपील की गई है कि वे केंद्र सरकार को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दें, ताकि जनगणना प्रक्रिया में जरूरी बदलाव कर इसे सभी वर्गों के लिए न्यायसंगत बनाया जा सके। ओबीसी महासभा ने कहा कि यह केवल आंकड़ों की मांग नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय, बराबरी और अधिकारों की लड़ाई है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मुन्ना लाल यादव, संभागीय सचिव योगेश्वरी साहू, ओबीसी महासभा बस्तर युवा मोर्चा सचिव मनोज ठाकुर, कमल दिवान, देवनाथ ठाकुर, जयप्रकाश पटेल, सदा ठाकुर, बनमाली यादव, दशामनी, पपेश्वरी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ओबीसी महासभा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *