शराब दुकान के खिलाफ फूटा ग्रामीणों और कांग्रेसियों का गुस्सा
जगदलपुर। घोर नक्सल प्रभावित आवापल्ली में देशी विदेशी शराब दुकान खोले जाने के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर द्वारा धरना प्रदर्शन एवं रैली कर शराब दुकान को तुरंत बंद करने की मांग की गई।
रैली को संबोधित करते हुए बीजापुर से कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने साय सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बस्तर के आदिवासियों को नशे में धकेलने रही है। इस सरकार को आदिवासियों के उत्थान और आदिवासी क्षेत्रों के विकास से कोई सरोकार नहीं है। विधायक विक्रम मंडावी ने बीजापुर जिले के आवापल्ली में नई देशी शराब दुकान खोले जाने को आदिवासी युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात बताया और सरकार पर आदिवासी क्षेत्रों को नशे की भेंट चढ़ाने का आरोप लगाया। विधायक मंडावी ने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ पूरे प्रदेश में 10423 स्कूल बंद कर चुकी है बस्तर में भी लगभग 1200 स्कूलों पर ताले लगाकर आदिवासी बच्चों का भविष्य अंधेरे में धकेल चुकी है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा सरकार पूरे प्रदेश में नई शराब दुकानें खोल रही है इस वर्ष भाजपा सरकार ने 67 शराब दुकानें खोली हैं। आवापल्ली जैसे सुदूर संवेदनशील आदिवासी गांवों में देशी विदेशी शराब की दुकानें खोलकर युवाओं को नशे के दलदल में फंसा रही है। श्री मंडावी ने सरकार की नीतियों को आदिवासी विरोधी करार देते हुए कहा कि भाजपा सरकार की इन नीतियों से आदिवासी क्षेत्र के युवा शिक्षा और रोजगार से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवापल्ली जैसे अंदरूनी गांव में शराब दुकान खोलकर भाजपा सरकार ने यह साबित कर दिया कि भाजपा आदिवासियों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधा उपलब्ध कराने से ज्यादा शराब की दुकानें खोलने को महत्व देती है। वर्तमान समय में उसूर ब्लॉक अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र है, जहां पर शिक्षा स्वास्थ्य, मूलभूत, सुविधाओं सहित विकास की जरूरत है। वहां पर विकास पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, पर भाजपा सरकार इसे महत्व न देते हुए देशी विदेशी शराब दुकानों को क्यों प्राथमिकता दे रही है। श्री मंडावी ने कहा कि शराब दुकान खुलने से नक्सल प्रभावित क्षेत्र उसूर के युवाओं, ग्रामीणों पर गलत प्रभाव पड़ेगा। सरकार को यह फैसला तुरंत वापस लेना चाहिए। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, कृषक कल्याण परिषद के पूर्व सदस्य और पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, जिला महामंत्री सुखदेव नाग, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बेनहूर रावतिया, जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राजेश जैन, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लूर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष संतोष गुप्ता, श्यामू गुप्ता, जनपद सदस्य बोधि ताती, पूर्व पार्षद कविता यादव, मनोज अवलम, रत्ना सोढ़ी, अनिता तेलाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
