किसानों की कमर तोड़ने पर आमादा है साय सरकार: राठौर

बीजापुर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को एक बार फिर लूटने का काम प्रदेश की भाजपा सरकार ने शुरू किया है। घरेलू खपत पर 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है, गैर घरेलू बिजली की दर 25 पैसे प्रति यूनिट महंगी कर दी गई है।
उन्होंने कहा सर्वाधिक बढ़ोतरी कृषि पंप के बिजली के दाम में 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि करके की गई है।
लालू राठौर ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के किसान इस सरकार की दुर्भावना और उपेक्षा के चलते पहले ही खाद, बीज और बिजली कटौती से परेशान हैं, अब कृषि पंप में बिजली की दर बढाकर कर भाजपा सरकार किसानों की कमर तोड़ रही है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर ने आगे कहा कि इतिहास गवाह है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में जनता को लूटने के तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते रहे हैं। 2003 से 2018 तक भाजपा की पूर्ववर्ती रमन सरकार ने हर साल बिजली के दामों में वृद्धि की। 2003 में छत्तीसगढ़ में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 3 रुपए 30 पैसे की दर पर बिजली मिला करती थी, जिसे 15 साल के कुशासन के बाद रमन सिंह के समय ही 6 रुपए 40 पैसे तक बढ़ाया गया, जिसे चुनावी वर्ष 2018 में मात्र 20 पैसे घटा कर 6 रुपया 20 पैसे किया गया। पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार में पूरे 5 साल की नेट वृद्धि देखें तो मात्र दो पैसे की थी, जो ऐतिहासिक तौर पर सबसे न्यूनतम थी। लालू राठौर ने आगे कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार ने बिजली के घाटे को पाटते हुए बिजली बिल हाफ योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 65 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को लगभग 3240 करोड रुपए की सब्सिडी देकर बहुत बड़ी राहत दी थी। किसानों को 5 एचपी तक निशुल्क बिजली दी, बीपीएल उपभोक्ताओं को 40 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी गई। अस्पतालों, उद्योगों को सब्सिडाइज्ड दर पर बिजली देकर राहत पहुंचाई। भाजपा की सरकार आने के बाद प्रदेश भर में बिजली की कटौती शुरू हो गई और कीमत लगातार बढ़ाई जाने लगी है। उन्होंने कहा-
कोयला हमारा, पानी हमारा, जमीन हमारी और हमें ही महंगी दर पर बिजली बेची जा रहा है! लालू राठौर ने कहा कि भाजपा के नेता, मंत्री, विधायक और अधिकारी एसी का मजा लूट रहे हैं, कई सरकारी विभाग बिजली का बकाया बिल जमा नहीं कर रहे हैं, सरकारी उपक्रमों और सरकार के चहेतों का करोड़ों का बिजली बिल का भुगतान लंबित है, उसकी वसूली भी भाजपा सरकार जनता से कर रही है।
मोदी की नीतियां गलत: लालू
लालू राठौर ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते ही बिजली की उत्पादन लागत बढ़ी है।कोयले पर ग्रीन टैक्स चार गुना अधिक बढ़ा दिए, रेलवे का माल भाड़ा अधिक वसूल रहे हैं, थर्मल पॉवर प्लांट को अडानी की कंपनी से महंगे दर पर कोयला खरीदने बाध्य किया जा रहा है, डीजल पर सेंट्रल एक्साइज बढ़ाए जाने से परिवहन में और फायर के लिए उपयोग होने वाले डीजल की लागत बढ़ी है जिसकी भरपाई भी उपभोक्ताओं पर बोझ बढ़ाकर की जा रही है।

स्मार्ट मीटर से मचाई लूट: राठौर
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर ने आगे कहा कि प्रदेश भर से अनाप-शनाप बिजली बिल आने की शिकायत लगातार आ रही है, स्मार्ट मीटर के नाम पर अधिक बिल उपभोक्ताओं को भेजा जा रहा है, अब तो जनता को लूटने के लिए अडानी की कंपनी का प्रीपेड मीटर भी लगाने की तैयारी है, भाजपा सरकार पूरे समय बिजली नहीं दे पा रही है, अघोषित कटौती रोज-रोज जारी है, ऊपर से सरकार ने बिजली के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी करके जनता की जेब में डकैती डाला है। कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के ऐसे अन्यायपूर्ण फैसले का विरोध करती है, सरकार के इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *