नन्हें कांवरिये चल पड़े बाबा के धाम
जगदलपुर। सावन माह बाबा भोलेनाथ का मनभावन माह माना जाता है। श्रावण मास में शिव जी की उपासना आराधना का विशेष महत्व होता है। जगदलपुर नगर और आसपास के गांवों में शिव आराधनाकी धूम मची हुई है। नन्हे मुन्ने बच्चे भीभोलेबाबा की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। आज सोमवार को शहर के डॉ. अब्दुल कलाम वार्ड 40 के प्रसिद्ध शिवालय श्री झाडेश्वर मंदिर में वार्ड में निकली कांवड़ यात्रा में नन्हें कांवरियों को देख लोग हर्षित हो उठे। बोल बम के जयकारे लगातेइन नौनिहाल कांवरियों ने पूरे शहर में आस्था की अलख जगा दी।
इस वार्ड के श्रद्धालुओं ने सैकड़ों की संख्या में एकत्रित होकर कांवड़ यात्रा निकाली और पूरे वार्ड का भ्रमण करते हुए गोरेश्वर घाट से जल पूजन कर जल लाकर झाडेश्वर शिवालय में महादेव का जलाभिषेक किया।कांवड़ यात्रा में महिला पुरुषों के साथ दर्जनों बच्चे भी शामिल थे। मंदिर समिति के सदस्य विक्रम सिंह ठाकुर ने बताया कि यह मंदिर पूरे वार्ड के साथ-साथ पूरे शहर के लोगों के लिए आस्था का केंद्र है। यहां हर साल कांवड़ यात्रा निकाली जाती है और कई धार्मिक आयोजन सभी वार्डवासी मिलकर संपन्न करते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर से सभी लोगों की आस्था जुड़ी हुई है और सभी लोग मंदिर में आकर अपनी स्वेच्छा से सहयोग भी करते हैं।
धार्मिक आयोजन और तीजा उत्सव
श्रद्धालु रेखा सिंह ने बताया कि मंदिर से कई लोगों की आस्था जुड़ी है और सभी लोग मंदिर में आकर स्वेच्छा से सहयोग भी करते हैं। वैदेही कौशिक ने बताया कि मंदिर में सभी लोगों को जोड़ने हेतु और भी धार्मिक आयोजन एवं तीजा जैसे त्यौहार को वार्ड की सभी महिलाओं द्वारा मिलकर मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि मंदिर में सभी लोगों के लिए धार्मिक आयोजन किए जाते हैं और सभी लोग मिलकर इन आयोजनों में भाग लेते हैं।
हुआ विशाल भंडारा भी
मंदिर के पुजारी वाशु नेताम ने आरती कर कांवड़ यात्रा का आरंभ किया। जगदलपुर शहर के सैकड़ों शिव भक्तों ने कांवड़ यात्रा में भाग लिया और झाड़ेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। पूजा अर्चना के बाद मंदिर समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि भंडारे का आयोजन सभी श्रद्धालु के लिए किया गया था और सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सुनीता भदौरिया, ज्योति, राजेश्वरी, साधन सिंह, रिद्धि, बबिता माया, सुलोचना, सरस्वती, गीता नाग, सुंदर कश्यप, रितेश मौर्य, दसरथ, रवि नेताम, रितेश ठाकुर, विज्जू, शुभम, अंशुल, महेंद्र, तुषार, धीरज, शंकर, गौरी, पुनीत, लता, गायत्री, सुमन के साथ समस्त वार्डवासी व शहर के सैकड़ों शिवभक्त शामिल हुए।
