नक्सल प्रेशर आईईडी ब्लास्ट में किशोर गंभीर घायल

भोपालपटनम। बीजापुर ज़िले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोंडापडगु में माओवादियों की एक और अमानवीय करतूत सामने आई है। 19 जुलाई की शाम, लगभग 5 बजे जंगल में मवेशी चराने गया एक किशोर नक्सली आईईडी ब्लास्ट का शिकार हो गया।

घायल 16 वर्षीय किशोर कृष्णा गोटा पिता फकीर गोटा निवासी ग्राम कोंडापडगु, थाना भोपालपटनम बीजापुर जंगल में नक्सलियों द्वारा पूर्व से लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आ गया। कृष्णा गोटा जंगल में मवेशी चराने गया था। आईईडी विस्फोट से कृष्णा के पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को तत्काल जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

निशाने पर अब मासूम भी
यह घटना एकबार फिर साबित करती है कि नक्सली अब मासूम बच्चों तक को नहीं बख्श रहे हैं। हिंसा और दहशत फैलाने के लिए वे निर्दोष ग्रामीणों को भी निशाना बना रहे हैं। ऐसी घटनाएं यह बताने के लिए काफी हैं कि नकसल विचारधारा अब सिर्फ आतंक और हिंसा का पर्याय बन चुकी है। पुलिस और प्रशासन ने जंगल क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान विशेष सावधानी बरतने, किसी भी संदिग्ध वस्तु, तार या उपकरण को न छूने की अपील लोगों से की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *