भोपालपटनम में कांग्रेस का प्रदर्शन

बीजापुर :- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने मंगलवार को केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कथित दुरुपयोग के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। बीजापुर के राष्ट्रीय राजमार्ग भोपालपटनम पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी और चक्का जाम कर ईडी की कार्रवाइयों को लोकतंत्र के खिलाफ करार दिया। मानवीय संवेदना का ध्यान रखते हुए, प्रदर्शनकारियों ने एम्बुलेंस और स्कूल बसों को आवागमन की छूट दी।

कांग्रेस नेताओं ने जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर ईडी के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दबाव और द्वेषपूर्ण कार्रवाई का गंभीर आरोप लगाया। बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने अपने संबोधन में कहा, “भाजपा की डबल इंजन सरकार जिस तरह ईडी का दुरुपयोग अपने राजनीतिक हितों के लिए कर रही है, वह लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों पर सीधा हमला है। ये कार्रवाइयां न केवल कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही हैं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे को भी कमजोर कर रही हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “भाजपा ने अपनी ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए चुनावी वादों को पूरा नहीं किया। इसके बजाय, प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद से बहुमूल्य खनिज संसाधनों और जल, जंगल, जमीन को कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हवाले करने का काम किया जा रहा है।”
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीना रावतिया उद्दे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व कृषक कल्याण बोर्ड के सदस्य बसंत राव ताटी, बेहनूर रावतिया, आर. वेणुगोपाल, सुखदेव नाग, लच्चू मौर्य, जयकुमार नायर, कामेश्वर गौतम
वल्वा मदनैया, सुनील उद्दे, रमेश पामभोई, रमेश यालम, मंगल राना, चापा सुरेन्द्र, सुरेश सोढी, मिच्चा मुत्तैया, श्रीमती सरिता चापा, सहित कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *