बेटे के बर्थडे पर शिक्षक ने कराया न्यौता भोज, उत्कृष्ट बच्चों का किया गया सम्मान
भोपालपटनम। बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोदकपल्ली में बुधवार को एक प्रेरणादायक आयोजन हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। शिक्षक अनिल कुमार जाटव ने अपने सुपुत्र के जन्मदिन के पर विद्यार्थियों के लिए न्यौता भोज का आयोजन कर मानवीय संवेदनाओं का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी पी. नागेंद्र, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास एटला एवं प्रधान पाठक मकबूल अहमद सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान दक्ष बीजापुर कार्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2024-25 के तहत चयनित कक्षा 8वीं के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। प्रधान पाठक मकबूल अहमद द्वारा बच्चों को प्रशस्ति पत्र, तथा शिक्षक अनिल कुमार जाटव द्वारा स्कूल बैग, पेन व चॉकलेट भेंट किए गए। बच्चों को ये सामग्री विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी के हाथों भेंट की गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और ऐसे प्रयासों को शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्पद बताया।विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, शिक्षकों व समुदाय के बीच सशक्त जुड़ाव का प्रमाण बना, जिससे न केवल छात्रों को प्रोत्साहन मिला, बल्कि विद्यालयीन परिवेश में आनंद, प्रेरणा और विश्वास का वातावरण भी सृजित हुआ।
